Advertisement

स्मार्ट मीटर से आ रहा दोगुना-तिगुना बिल, मुखिया ने एसडीओ को सौंपा ज्ञापन

ममता सिन्हा/तेनुघाट (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में तेनुघाट स्थित बेरमो विद्युत प्रमंडल अंतर्गत ग्राम पंचायत जरीडीह पूर्वी एवं पश्चिमी में लगे स्मार्ट मीटर से अत्यधिक बिजली बिल आने पर ग्रामीणों में आक्रोश है। इसे लेकर एक जुलाई को जरीडीह पश्चिमी पंचायत के मुखिया ने अनुमंडल पदाधिकारी मनोज कुमार एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रविंद्र कुमार सिंह तेनुघाट को आवेदन सौंपकर स्मार्ट मीटर हटाने की मांग की।

मुखिया द्वारा एसडीओ तथा एसडीपीओ को दिए आवेदन में बताया गया कि हाल में दोनों पंचायतों में स्मार्ट मीटर लगाए गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पूर्व के अधिष्ठापित मीटर में बिजली बिल सामान्य एवं संतुलित आता था। लेकिन स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिल में अप्रत्याशित वृद्धि हो गई है। जबकि, वास्तविक बिजली खपत पहले की तुलना में बहुत कम है। मुखिया के अनुसार त्रुटिपूर्ण व बढ़े हुए बिजली बिल से आम जनों, विशेषकर गरीब और निम्न आय वर्ग के परिवारों को अत्यधिक आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इससे रहिवासियों में भारी असंतोष है।

ग्राम सभा में भी उठा मुद्दा

बताया जाता है कि जरीडीह मौजा के उपरोक्त दोनों पंचायतों के ग्रामीणों ने ग्राम सभा के माध्यम से भी स्मार्ट मीटर हटाने का आग्रह किया है। ग्रामीण रहिवासियों द्वारा पुराने मीटर से ही बिल मापी की मांग की गई है। मामले में अनुमंडल पदाधिकारी से मांग की गई है कि स्मार्ट मीटर हटाकर पुराने मीटर से बिजली बिल की मापी की जाए और स्मार्ट मीटर से प्राप्त त्रुटिपूर्ण बिजली बिल से उपभोक्ताओं को राहत दिलायी जाए।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *