एन. के. सिंह/बेरमो (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में बेरमो थाना क्षेत्र में अपराध पर पूरी तरह लगाम लगाने और आए दिन होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए बेरमो पुलिस ने कमर कस ली है।
इसी कड़ी में बेरमो थाना प्रभारी सह पुलिस इंस्पेक्टर रोहित कुमार सिंह के नेतृत्व में एक जुलाई को थाना के ठीक सामने एक विशेष एंटी क्राइम वाहन जांच अभियान चलाया गया। इस औचक कार्रवाई से नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों और असमाजिक तत्वों में हड़कंप मच गया।
बताया जाता है कि विशेष जांच अभियान के दौरान पुलिस बल ने बेहद मुस्तैदी दिखाई। सड़क से गुजरने वाले हर दोपहिया और चार पहिया वाहनों को रोककर उनकी गहन चेकिंग की गई। संदिग्ध वाहनों की डिक्की खुलवाकर जांच की गई। वाहन चालकों की तलाशी ली गई। उनके ड्राइविंग लाइसेंस, ऑनरशिप बुक और इंश्योरेंस जैसे जरूरी कागजातों का भौतिक सत्यापन किया गया।
बताया जाता है कि वाहन जांच के दौरान कई ऐसे युवक भी पकड़े गए जो बिना हेलमेट के और तेज रफ्तार में लापरवाही से वाहन चला रहे थे। थाना प्रभारी रोहित सिंह ने खुद मोर्चा संभालते हुए ऐसे रफ्तारियों को कड़ी फटकार लगाई और उन्हें सुरक्षा का महत्व समझाया। पुलिस अधिकारी ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि दोबारा बिना हेलमेट या ओवरस्पीडिंग करते पाए जाने पर भारी जुर्माना वसूलने के साथ-साथ वाहन भी जब्त की जा सकती है।
इस अवसर पर थाना प्रभारी सिंह ने कहा की इस अभियान का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना, बाइकर्स गैंग व अपराधियों की गतिविधियों पर अंकुश लगाना और आम जनों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है। कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कीमती जानें न जाएं, इसके लिए पुलिस नियमों का पालन कराने के लिए प्रतिबद्ध है। कहा कि यह चेकिंग अभियान आगे भी अलग-अलग इलाकों में लगातार जारी रहेगा।
बेरमो पुलिस की इस त्वरित और सख्त कार्रवाई की स्थानीय रहिवासियों और प्रबुद्ध जनों ने सराहना की है। रहिवासियों का कहना है कि ऐसे अभियानों से जहां एक तरफ छिनतई और चोरी जैसी आपराधिक घटनाओं पर रोक लगेगी, वहीं दूसरी ओर रहिवासी ट्रैफिक नियमों का पालन करने के लिए मजबूर होंगे।
![]()













Leave a Reply