सोनपुर रेल मंडल ऑल इंडिया रिटायर्ड रेलवे मेन्स फेडरेशन ने मनाया डॉक्टर दिवस
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। ऑल इंडिया रिटायर्ड रेलवे मेन्स फेडरेशन शाखा सोनपुर के तत्वावधान में एक जुलाई को पूर्व मध्य रेल के हद में मंडल रेल चिकित्सालय सोनपुर के सभागार में राष्ट्रीय डॉक्टर दिवस का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम में फेडरेशन के अध्यक्ष, सचिव और भारी संख्या में सेवानिवृत्त रेलकर्मियों ने हिस्सा लिया।
जानकारी के अनुसार कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व मध्य रेल मंडल सोनपुर के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) डॉ शैलेश कुमार थे। समारोह में प्रख्यात चिकित्सक, समाज सेवी डॉ विधानचंद्र राय के आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम के दौरान चिकित्सा जगत के प्रख्यात चिकित्सक, समाज सेवी और महान राजनेता डॉ विधान चंद्र राय को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके व्यक्तित्व और कृतित्व पर विस्तृत प्रकाश डाला गया। मंडल सचिव सह शाखा सचिव देवेन्द्र कुमार पासवान तथा शाखा अध्यक्ष त्रिभुवन सिंह ने अपने संबोधन में डॉ राय के जीवन संघर्षों और देश के प्रति उनके योगदान को रेखांकित किया। उन्होंने मंडल रेल चिकित्सालय सोनपुर में कार्यरत वर्तमान चिकित्सकों से अपील की कि वे डॉ विधानचंद्र राय के सेवाभावी व्यक्तित्व और सिद्धांतों को अपने जीवन में आत्मसात करें।

समारोह में फेडरेशन के पदाधिकारियों ने मंडल रेल चिकित्सालय सोनपुर में कार्यरत और सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों के लिए बेहतर चिकित्सकीय सुविधाएं सुनिश्चित करने हेतु मुख्य चिकित्सा अधीक्षक के प्रयासों की जमकर सराहना की। वक्ताओं ने विशेष रूप से निम्नलिखित व्यवस्थाओं को सुचारू कराने के लिए सीएमएस के प्रति आभार व्यक्त किया, जिनमें अखंड ज्योति नेत्र चिकित्सालय को रेलवे से इंपैनल कराना,अस्पताल में अल्ट्रासाउंड के लिए कॉन्ट्रेक्ट (अनुबंध) व्यवस्था बहाल करना, फिजियोथेरेपिस्ट मशीन की उपलब्धता और सप्ताह में दो दिन फिजियोथेरेपिस्ट की सेवा सुनिश्चित करना, अस्पताल में साप्ताहिक सर्जन की विशेष व्यवस्था उपलब्ध कराना आदि शामिल है।
कार्यक्रम के समापन सत्र में मंडल रेल चिकित्सालय सोनपुर में उत्कृष्ट सेवाएं दे रहे डॉक्टरों को फेडरेशन की ओर से शॉल और मोमेंटो (स्मृति चिह्न) प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वाले चिकित्सकों में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ शैलेश कुमार, एसीएमएस डॉ रश्मीकान्त, एसीएमएस डॉ सी.एस.झा, एसीएमएस डॉ सुबोध कुमार, डॉ सोनी, डॉ विजय कुमार सिंह, डॉ मधुमाला, डॉ रोचक गुप्ता, डॉ ममता गुप्ता, आयुर्वेद चिकित्सक डॉ निर्भय कुमार और होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ प्रभावती सिन्हा शामिल रहीं।
इस गौरवपूर्ण अवसर पर फेडरेशन के कार्यकारी अध्यक्ष विजय कुमार सिंह, उपाध्यक्ष अजीत कुमार यादव, सहायक सचिव सच्चिदानंद सिंह, जीतेन्द्र प्रसाद राय, कोषाध्यक्ष जयराम सिंह, चन्द्रशेखर प्रसाद राय, दिनेश प्रसाद श्रीवास्तव, के.एन.राम के साथ-साथ संगठन के सैकड़ों सम्मानित सदस्यगण उपस्थित रहे।
![]()













Leave a Reply