Advertisement

मिथिला अकादमी स्कूल में हेरिटेज क्विज़ का आयोजन, भारती सदन अव्वल

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो के मिथिला अकादमी पब्लिक स्कूल में 30 जून को इंटर हाउस हेरिटेज क्विज़ प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में विद्यालय के चारों सदन यथा भारती सदन, वाचस्पति सदन, विद्यापति सदन एवं बिरसा सदन ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

जानकारी के अनुसार कड़े मुकाबले के बीच भारती सदन ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं वाचस्पति सदन एवं विद्यापति सदन संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान पर रहे, जबकि बिरसा सदन ने तृतीय स्थान हासिल किया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को पाठ्य पुस्तक ज्ञान के साथ-साथ भारतीय संस्कृति, इतिहास, कला, परंपरा एवं विरासत से जुड़ी जानकारी प्रदान करना था। प्रतियोगिता में पूछे गए प्रश्न भारतीय धरोहर, ऐतिहासिक स्मारकों, महान व्यक्तित्वों, त्योहारों एवं सामान्य ज्ञान पर आधारित थे।

इस अवसर पर प्राचार्य अमर प्रसाद एवं उप-प्राचार्य देव दुलाल मित्रा ने संयुक्त रूप से विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएँ बच्चों की तर्क शक्ति, स्मरण शक्ति और टीम भावना को विकसित करती हैं। उन्होंने सभी विजेता एवं प्रतिभागी छात्रों को बधाई देते हुए भविष्य में भी ऐसे ज्ञानवर्धक आयोजनों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का सफल मंच संचालन कक्षा 10 की छात्रा स्मृति कुमारी एवं छात्र रुद्रांश ने किया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *