छात्र जीवन में राष्ट्रभक्ति सबसे बड़ा संस्कार है-राधा मोहन सिंह
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) सारण पूर्वी द्वारा डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी के 125 वें स्मरण पक्ष के अवसर पर जिला के हद में हरिहरनाथ मंदिर सभागार सोनपुर में 30 जून को एक भव्य छात्र सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में छात्र-छात्रा, शिक्षकों, विभिन्न कोचिंग संस्थानों के प्रबंधकों सहित भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा भारत माता एवं डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि, दीप प्रज्वलन और सामूहिक वंदे मातरम् गायन के साथ किया गया, जिससे पूरा सभागार राष्ट्रभक्ति के रंग में सराबोर हो गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व केंद्रीय कृषि मंत्री व सांसद राधा मोहन सिंह ने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि छात्र जीवन में राष्ट्रभक्ति सबसे बड़ा संस्कार है। उन्होंने कहा कि जिस युवा के मन में राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना होती है, वही समाज और देश के विकास में अमूल्य योगदान दे सकता है।

सांसद ने विद्यार्थियों को केंद्र एवं बिहार सरकार द्वारा संचालित छात्र-हितैषी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने राष्ट्रीय छात्रवृत्ति योजनाओं, एजुकेशन लोन, कौशल विकास, डिजिटल शिक्षा, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, स्टार्टअप इंडिया और स्वरोजगार योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से आह्वान किया कि वे इन योजनाओं का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनें और विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।
सोनपुर विधायक विनय कुमार सिंह ने कहा कि शिक्षा, संस्कार और राष्ट्रभक्ति ही युवा शक्ति की असली पहचान है। कहा कि सरकार प्रत्येक विद्यार्थी को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और रोजगार के अवसर देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने छात्रों को अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। जिलाध्यक्ष रंजीत कुमार सिंह ने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर अध्ययन, अनुशासन और कठिन परिश्रम से ही प्रतियोगी परीक्षाओं और भविष्य की चुनौतियों का सामना किया जा सकता है। प्रदेश मंत्री मुकेश यादव ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए कहा कि राष्ट्रप्रेम से प्रेरित विद्यार्थी ही समाज को नई दिशा दे सकते हैं।

यह कार्यक्रम भाजयुमो के जिलाध्यक्ष शुभम वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित किया गया, जबकि मंच का कुशल संचालन क्षेत्रीय प्रभारी वरुण राज सिंह ने किया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश नेता व युवा मोर्चा जिला प्रभारी राजीव सिंह, मोर्चा जिला संयोजक कंचन कुशवाहा, जिला महामंत्री दिव्यांशु गौतम, जिला उपाध्यक्ष सूरज सिंह, नितेश दुबे, विक्रांत सिंह, प्रिंस सोनी, जिला मंत्री राहुल कुमार पुरी, अरुण सिंह, मुकेश सिंह ‘बबलू’, नितेश कुमार, यशवंत कुमार, राहुल कुमार, प्रिंस पांडेय सहित भारी संख्या में छात्र-छात्रा और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सम्मेलन के अंत में उपस्थित विद्यार्थियों ने राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए अपने कर्तव्यों के प्रति समर्पित रहने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन सामूहिक राष्ट्रगान के साथ किया गया।
![]()













Leave a Reply