सोनपुर में कबीर संग्रहालय बनाने पर जल्द होगा विचार-पर्यटन मंत्री
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में मानव मोक्ष संस्थान भगवान धाम, कबीर मठ साधुगाछी सोनपुर में कबीर जयंती के अवसर पर 30 जून को भक्ति एवं संगीतमय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य संत कबीर के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना था।
जयंती कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि सूबे के पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता, आचार्य महंत आमोद गोस्वामी, धर्म जागरण के पूर्व प्रांत संयोजक डॉ अवधेश कुमार और महंत दयानंद गोस्वामी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर तथा संत कबीर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया। इसके पूर्व, कबीर मठ पहुंचने पर पर्यटन मंत्री का स्वागत महंत आमोद गोस्वामी, महंत दयानंद गोस्वामी, डॉ अवधेश कुमार और अमित गोस्वामी ने माल्यार्पण एवं अंगवस्त्र भेंट कर किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता आचार्य महंत गुरु प्रसाद गोस्वामी के शिष्य, उत्तराधिकारी सह धर्माधिकारी आचार्य महंत आमोद गोस्वामी ने की। अपने अध्यक्षीय संबोधन में उन्होंने कहा कि कबीर का जीवन समाज को समर्पित था, जिनका मुख्य उद्देश्य सामाजिक कुरीतियों को दूर करना था। महंत ने भावुक होते हुए कहा कि यह ऐतिहासिक मठ लंबे समय से अवैध रूप से अवांछित तत्वों के कब्जे में था, जिसे प्रशासन के सहयोग से खाली कराकर मुझे सौंपा गया है। अब इस मठ का चौमुखी विकास और सही तरीके से सदुपयोग होगा।
मुख्य अतिथि पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने साधु-संतों एवं उपस्थित भक्तजनों को संबोधित करते हुए कहा कि संत कबीर ने जाति-पाति और ऊँच-नीच के भेदभाव से ऊपर उठने का अमर संदेश दिया है। उनके अनुसार संसार के सभी मनुष्य समान हैं। उन्होंने बाह्य आडंबरों और पाखंड की तीखी आलोचना की तथा सत्य, ईमानदारी व नैतिक जीवन को ही मनुष्य के जीवन का मुख्य लक्ष्य बताया। इस दौरान पर्यटन मंत्री ने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि बिहार के सभी प्रमुख कबीर मठों को पर्यटन से जोड़ने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। इस दिशा में जल्द कार्य किया जाएगा।
मंच संचालन करते हुए डॉ अवधेश कुमार ने पर्यटन मंत्री के समक्ष प्रस्ताव रखा कि सोनपुर स्थित इस कबीर मठ में एक भव्य कबीर संग्रहालय (म्यूजियम) का निर्माण कराया जाए। इस प्रस्ताव पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए मंत्री ने कहा कि यह बहुत ही उत्तम विचार है और इस पर सरकार जल्द ही गंभीरता से विचार कर निर्णय लेगी।

कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन महंत दयानंद गोस्वामी द्वारा किया गया। उन्होंने मंत्री के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा कि आपका यहाँ आना और सोनपुर को पर्यटन क्षेत्र के रूप में विकसित करने का प्रयास अत्यंत सराहनीय है। इसके लिए समस्त कबीर परिवार और भक्तजन आपको कोटि-कोटि धन्यवाद देते हैं। इस पावन अवसर पर महंत अमित गोस्वामी (पातेपुर), महामंडलेश्वर सह बिहार धार्मिक न्यास परिषद के सदस्य विश्वमोहनदास महाराज (पातेपुर), महामंडलेश्वर देवेंद्र दास महाराज (सीवान), महंत सत्यदेव दास (गोपालगंज), महंत मदन लाल दास (बलिया), डॉ मुक्तिनाथ शास्त्री (बनारस), महंत बनारसी गोस्वामी (बनारस), राहुल गोस्वामी (सीवान), कबीर संदेश पत्रिका के संपादक भूषणजी, संतोष, पूर्व सरपंच प्रेम राय, विक्की, बंधु राय, धुना राय, सरोज कुमार सहित देश-प्रदेश से आए सैकड़ों साधु-संत और श्रद्धालुजन उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply