Advertisement

श्रावणी मेला को ले डीएम ने किया पहलेजाघाट-हरिहरनाथ मंदिर मार्ग का निरीक्षण

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। श्रावणी मेला को सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने के लिए 30 जून को सारण के जिलाधिकारी (डीएम) वैभव श्रीवास्तव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) विनीत कुमार ने जिला के हद में सोनपुर स्थित पहलेजा घाट से बाबा हरिहरनाथ मंदिर तक पूरे मेला मार्ग का सघन निरीक्षण किया। अधिकारियों ने स्थानीय पदाधिकारियों को समय-सीमा में सभी व्यवस्था पूरी करने के कड़े निर्देश दिए।

ज्ञात हो कि, पहलेजा घाट क्षेत्र में पूरे सावन माह में 24 घंटे सफाई, लाइटिंग, चेंजिंग रूम, शौचालय और शुद्ध पेयजल की व्यवस्था रहेगी। पीएचडी को घाट पर 100 और मार्ग में 50 अस्थायी शौचालय बनाने के निर्देश दिए गये। महिला कांवड़ियों के लिए अलग सुरक्षित चेंजिंग रूम बनेंगे। निरिक्षण के क्रम में डीएम द्वारा घाटों की स्लोपिंग, नदी में मजबूत बैरिकेडिंग और पीपा पुल को समय पर हटाने का आदेश दिया गया। कहा गया कि संवेदनशील जगहों पर वॉच टॉवर और सीसीटीवी लगेंगे। साथ हीं एसडीआरएफ की टीम पहलेजा घाट पर 24 घंटे तैनात रहेगी।

भीड़ प्रबंधन को लेकर डीएम ने कहा कि आने-जाने वाले कांवड़ियों के लिए अलग-अलग पाथ-वे बनेंगे। सड़क के गड्ढे भरकर समतल किए जाएंगे। पार्किंग स्थल चिन्हित कर संकेतक और ड्रॉप गेट लगाए जाएंगे। स्वास्थ्य व नियंत्रण पर उन्होंने कहा कि मेला क्षेत्र में 8 मेडिकल कैंप लगेंगे, जिनमें 4 पहलेजा घाट पर 24 घंटे चालू रहेंगे। डाक बम कांवड़ियों के लिए विशेष काउंटर बनेंगे। पर्यटन विभाग विशाल हैंगर और एक केंद्रीय नियंत्रण कक्ष स्थापित करेगा।

इस अवसर पर डीएम वैभव श्रीवास्तव ने कहा कि श्रावणी मेले में हर श्रद्धालु की सुरक्षा और सेवा सर्वोच्च प्राथमिकता है। लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। निरीक्षण में सोनपुर एसडीओ, एसडीपीओ, डीसीएलआर, बीडीओ, सीओ, पहलेजा थानाध्यक्ष समेत अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *