प्रहरी संवाददाता/बगोदर (गिरिडीह)। गिरिडीह जिला के हद में बगोदर थाना क्षेत्र के मुंडरो रहिवासी प्रवासी मजदूर द्वारिका महतो की सऊदी अरब में बीते 9 दिन पूर्व मौत हो गयी। अभी तक प्रवासी मजदूर का न तो शव पहुंचा और न ही परिजनों को कंपनी की ओर से मिलने वाली राशि का भुगतान का रास्ता साफ हो पाया हैं। इस कारण परिजनों की चिंता बढ़ने लगी है। मृतक के परिजन अपने घर के सदस्य का अंतिम दर्शन के लिए हर दिन राह देख रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि मृतक द्वारिका महतो डुमरी थाना क्षेत्र के चीनो समदा के दशरथ माता के पुत्र हैं, जो पिछले 25 सालों से अपने सुसराल मुंडरो में घर जमायी के रूप में रह रहे हैं। द्वारिका की मौत बीते 20 जून को काम करने के दौरान हो गई थी। मृतक अपने पीछे पत्नी धनेश्वरी देवी, पुत्र सचिन कुमार, सतीश कुमार तथा नीतीश कुमार के अलावा ससुर लालधारी महतो समेत भरा पूरा परिवार को छोड़ गया हैं।
प्रवासी श्रमिकों के हितों को लेकर काम करने वाले सिकन्दर अली लगातार संपर्क कर मामले का हल करने में जुटे हैं। उन्होंने कंपनी के अधिकारी से उचित मुआवजा के साथ शव को जल्द भारत भेजने की मांग की है, ताकि मृतक का अंतिम संस्कार किया जा सके। वहीं द्वारिका की पत्नी धनेश्वरी देवी ने बताया कि परिवार की खराब आर्थिक स्थिति को देखते हुए उसके पति पिछले वर्ष जनवरी 2025 में काम करने के लिए सऊदी गए थे। वहां केईसी कंपनी में वे कार्यरत थे।
मगर इसी बीच अचानक 20 जून को उनकी मौत का समाचार मिलने पर दु:खों का पहाड़ टूट पड़ा है। पत्नी का कहना है कि मौत के 9 दिन हो गए मगर अब तक सऊदी अरब से उसके पति का शव यहां नहीं पहुंच सका है। इस संबंध में कंपनी के द्वारा मुआवजा को लेकर सार्थक जवाब नहीं मिलने से परिवार काफी परेशान हैं। पति के शव को लाने के लिए पत्नी सरकार से गुहार लगा रही हैं, ताकि वह अपने मृत पति का अंतिम संस्कार कर सके।
![]()













Leave a Reply