एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति विद्यार्थियों में जागरूकता विकसित करने के उद्देश्य से सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) द्वारा स्वच्छता पखवाड़ा-2026 के तहत कलाकृति स्कूल ऑफ आर्ट्स रांची के सहयोग से स्वच्छता ऑन कैनवास चित्रकला प्रतियोगिता का सफल आयोजन कलाकृति स्कूल ऑफ आर्ट्स डोरंडा में आयोजित किया गया।
सीसीएल के जनसंपर्क विभाग के अनुसार बीते 28 जून को आयोजित प्रतियोगिता में झारखंड की राजधानी रांची के 30 विभिन्न विद्यालयों के 180 से अधिक छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर स्वच्छता के संदेश को अपनी रचनात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
बताया गया कि प्रतियोगिता का आयोजन चार आयु वर्गों में किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने स्वच्छ भारत-हरित भारत, मेरा स्वप्न स्वच्छ भारत, स्वच्छता ही सेवा, स्वच्छ सड़कें-स्वस्थ जीवन तथा स्वच्छता ईश्वर के निकट है जैसे विषयों पर आकर्षक एवं कल्पनाशील चित्र बनाकर स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा उत्तरदायित्व के महत्व को प्रभावशाली ढंग से चित्रित किया। स्कूली छात्रों की चित्रकृतियों में स्वच्छ एवं हरित भारत की परिकल्पना, प्रकृति संरक्षण तथा स्वच्छ जीवन शैली के प्रति उनकी संवेदनशील सोच स्पष्ट झलकता था।
इस अवसर पर सीसीएल के प्रबंधक सीएसआर पूजा प्रसाद, प्रबंधक सीएसआर चंदन कुमार मुख्य रूप से उपस्थित रहे। सभी ने छात्रों द्वारा तैयार चित्रकृतियों का अवलोकन किया तथा उनकी रचनात्मक प्रतिभा एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता की सराहना की।
प्रबंधकों के अनुसार स्वच्छ भारत अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप देने में बच्चों की महत्वपूर्ण भूमिका है। कहा गया कि कला केवल सृजनात्मक अभिव्यक्ति का माध्यम नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक सोच एवं व्यवहार परिवर्तन का प्रभावी साधन भी है। कहा गया कि इस प्रकार की प्रतियोगिता छात्रों में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने के साथ-साथ उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित करती है।
इस अवसर पर कलाकृति स्कूल ऑफ आर्ट्स के निदेशक सह कलाकार धनंजय कुमार सहित स्कूल ऑफ आर्ट्स के सभी शिक्षक एवं प्रशिक्षकगण उपस्थित रहे। जानकारी के अनुसार इस अवसर पर प्रतियोगिता के चारों वर्गों के विजेताओं की घोषणा की गई, जिनमें ग्रुप-ए में प्रशांत रजवार, ग्रुप-बी में विवान शौर्य, ग्रुप-सी में आर्यन मालाकार तथा ग्रुप-डी में भूमिका दत्ता ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। सभी विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए, जबकि प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी छात्रों को सहभागिता प्रमाण-पत्र एवं रंग सामग्री देकर सम्मानित किया गया।
ज्ञात हो कि बीते 16 जून से 30 जून तक संचालित स्वच्छता पखवाड़ा में आयोजित यह प्रतियोगिता विद्यार्थियों में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा सामाजिक दायित्व के प्रति जागरूकता विकसित करने की दिशा में एक प्रभावी एवं प्रेरणादायी पहल सिद्ध हुई। इस अभियान का उद्देश्य अलग अलग पहल के माध्यम से स्वच्छ भारत के संदेश को समाज के व्यापक वर्ग तक पहुँचाना और स्वच्छता के प्रति आमजनों को जागरूक करना है।
![]()













Leave a Reply