Advertisement

खनन संविदाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को ले सीसीएल में क्षमता संवर्धन कार्यक्रम

एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। झारखंड की राजधानी रांची स्थित सीसीएल मुख्यालय के मानव संसाधन विकास विभाग द्वारा सतर्कता विभाग के तत्वावधान में 29 जून को एमटीसी में खनन संविदाएं (माइनिंग कॉन्ट्रैक्टस) विषय पर क्षमता संवर्धन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में सीसीएल के निदेशक (तकनीकी/परियोजना एवं योजना) अनुप हंजूरा, मुख्य सतर्कता अधिकारी (सीवीओ) पंकज कुमार, महाप्रबंधक (एचआरडी) एम.एफ. हक तथा महाप्रबंधक (सीएमसी) राजीव हई उपस्थित रहे।

इस अवसर पर वक्ताओं ने खनन संविदाओं के प्रभावी एवं पारदर्शी क्रियान्वयन के लिए अधिकारियों में जागरूकता बढ़ाने, संविदा प्रबंधन से जुड़े क्षेत्रों की पहचान करने, हिंड्रेंस रजिस्टर का समुचित संधारण सुनिश्चित करने तथा अधिकारियों को नियमों एवं प्रक्रियाओं की समुचित जानकारी से सुसज्जित करने की आवश्यकता पर बल दिया। वक्ताओं ने कहा कि बेहतर समन्वय, पारदर्शिता और समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए अधिकारियों का नियमित क्षमता संवर्धन अत्यंत आवश्यक है।

सीसीएल के जनसंपर्क विभाग के अनुसार कार्यक्रम में सीसीएल के विभिन्न कोयला क्षेत्रों एवं विभागों से कुल 44 अधिकारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रतिभागियों को खनन संविदाओं से संबंधित प्रक्रियाओं, चुनौतियों एवं सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों से अवगत कराना तथा संविदा प्रबंधन में दक्षता एवं जवाबदेही को और सुदृढ़ करना था।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *