रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जाने के क्रम में जैनामोड़ फोरलेन चौक पर 28 जून को भारतीय जनता पार्टी प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद का भाजपा कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने उन्हें पुष्पगुच्छ एवं माला पहनाकर अभिनंदन किया। इस दौरान संगठन की मजबूती एवं आगामी कार्यक्रमों को लेकर भी चर्चा की गयी।
जानकारी के अनुसार प्रदेश उपाध्यक्ष के स्वागत कार्यक्रम में भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश महामंत्री अर्जुन सिंह, बोकारो के पूर्व विधायक बिरंची नारायण, भाजपा नेता शंकर रजक, जरीडीह मंडल अध्यक्ष विक्रम गोस्वामी, चिलगढ़ा मंडल अध्यक्ष दिनेश महतो, केदार महतो सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

इस अवसर पर किसान मोर्चा के प्रदेश महामंत्री अर्जुन सिंह ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है। संगठन की मजबूती ही हमारी सबसे बड़ी पूंजी है। हम सभी कार्यकर्ता केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम लाभुक तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य कर रहे हैं। कहा कि प्रदेश नेतृत्व का मार्गदर्शन हमें निरंतर ऊर्जा देता है।
पूर्व विधायक बिरंची नारायण ने कहा कि प्रदेश उपाध्यक्ष का जैनामोड़ आगमन कार्यकर्ताओं के लिए उत्साहवर्धक है। कहा कि भाजपा जनसेवा और विकास की राजनीति में विश्वास रखती है। आने वाले समय में संगठन को और अधिक मजबूत बनाकर आमजनों की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास किया जाएगा। भाजपा नेता शंकर रजक ने कहा कि प्रदेश नेतृत्व का स्वागत करना हमारे लिए सम्मान की बात है। भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की विचारधारा और जनसेवा के संकल्प के साथ कार्य कर रहा है।
कहा कि बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने तथा आमजनों के बीच पार्टी की नीतियों और उपलब्धियों को पहुंचाने के लिए सभी कार्यकर्ता पूरी निष्ठा से जुटे हैं। कार्यक्रम के अंत में नेताओं ने सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया और संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।
![]()













Leave a Reply