रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। वन बचाव समिति के केंद्रीय अध्यक्ष विष्णु चरण महतो ने वन क्षेत्र से सटे गांवों के ग्रामीण रहिवासियों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।
उन्होंने 28 जून को जानकारी देते हुए बताया कि लगभग 25 जंगली हाथियों का झुंड बोकारो जिला के हद में गोमिया क्षेत्र के जंगलों में प्रवेश कर चुका है। हाथियों का यह दल भोजन और पानी की तलाश में कभी भी जंगल से निकलकर आसपास के गांवों की ओर रुख कर सकता है। ऐसे में ग्रामीणों को पहले से ही पूरी तैयारी और सावधानी बरतने की आवश्यकता है।
महतो ने कहा कि बरसात के मौसम में हाथियों की गतिविधियां बढ़ जाती हैं और वे अक्सर जंगल से निकलकर खेतों तथा गांवों में पहुंच जाते हैं। इससे जान-माल की क्षति होने की आशंका बनी रहती है। इसलिए ग्रामीण रात के समय अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें तथा जंगल या उसके आसपास अकेले जाने से बचें।
उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि यदि किसी गांव के आसपास हाथियों का झुंड दिखाई दे तो उसे भगाने या उसके नजदीक जाने का प्रयास बिल्कुल न करें। इसकी सूचना तुरंत वन विभाग, स्थानीय प्रशासन एवं वन बचाव समिति के सदस्यों को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने कहा कि गांवों में पहले से ही जागरूकता बनाए रखें, बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें तथा खेतों में काम करने जाने वाले किसान भी पूरी सतर्कता बरतें। रात के समय समूह में रहें और हाथियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं।
वन बचाव समिति केंद्रीय अध्यक्ष ने कहा कि समिति के सदस्य लगातार हाथियों की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं और वन विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने सभी ग्रामीणों से अपील की कि अफवाहों पर ध्यान न दें, लेकिन किसी भी सूचना को गंभीरता से लें और सावधानी बरतें। सतर्कता और आपसी सहयोग से ही हाथियों से होने वाले संभावित घटनाओं को रोका जा सकता है।
![]()













Leave a Reply