Advertisement

रिम्स के नवनियुक्त निदेशक का अखिल भारतीय कायस्थ महासंघ ने किया सम्मान

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। अखिल भारतीय कायस्थ महासंघ द्वारा झारखंड की राजधानी रांची के राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) के नवनियुक्त निदेशक डॉ डी. के. सिन्हा का 27 जून को अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर भव्य रूप से सम्मान किया गया।

इस अवसर पर महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुवोध श्रीवास्तव, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मुकेश कुमार सहित कई पदाधिकारी एवं समाज के गणमान्य उपस्थित रहे।

सम्मान कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि डॉ सिन्हा की नियुक्ति चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में एक सकारात्मक कदम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में रिम्स नई ऊँचाइयों को प्राप्त करेगा तथा मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

राष्ट्रीय अध्यक्ष सुवोध श्रीवास्तव ने कहा कि रिम्स निदेशक डॉ सिन्हा एक कुशल चिकित्सक और अनुभवी प्रशासक हैं। उन्हें विश्वास है कि उनके नेतृत्व में रिम्स की कार्यप्रणाली और चिकित्सा सेवाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा। समाज को उनकी उपलब्धि पर गर्व है। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मुकेश कुमार ने कहा कि डॉ सिन्हा का निदेशक पद पर चयन उनकी योग्यता, ईमानदारी और लंबे अनुभव का सम्मान है। अखिल भारतीय कायस्थ महासंघ उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना करता है और हर सकारात्मक पहल में उनके साथ खड़ा रहेगा।

अपने सम्मान से अभिभूत डॉ डी. के. सिन्हा ने कहा कि महासंघ द्वारा दिए गए इस सम्मान के लिए वे सभी का हृदय से आभारी हैं। कहा कि रिम्स में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं, पारदर्शी प्रशासन और मरीजों की सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देना उनकी प्रतिबद्धता होगी। सभी के सहयोग से संस्थान को नई पहचान दिलाने का वे प्रयास करेंगे। अंत में सभी गणमान्य जनों ने डॉ सिन्हा को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल एवं जनहितकारी कार्यकाल की कामना की।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *