Advertisement

संदिग्ध परिस्थिति में नव विवाहिता ने की आत्महत्या, विरोध में सड़क जाम

प्रहरी संवाददाता/गोमिया (बोकारो)। महज चार दिन पूर्व ससुराल से लौटी संदिग्ध परिस्थिति में नव विवाहिता युवती ने आत्महत्या कर ली। विरोध में नवविवाहिता के परिजनों ने सड़क जाम कर मामले में आरोपी पति (दरोगा) की गिरफ्तारी की मांग की।

जानकारी के अनुसार बोकारो जिला के हद में गोमिया प्रखंड के तेनुघाट ओपी घरवाटांड़ गांव की पिंकी कुमारी ने ससुराल वालों की दहेज की मांग और मारपीट से तंग आकर मायके में जान दे दी। घटना से आक्रोशित परिजनों ने 27 जून को शव गोमिया मोड़ में रखकर मुख्य सड़क जाम कर दिया। जाम की सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंचकर परिजनों को समझाने में जुटी गई।

मृतका के भाई सुधीर यादव ने तेनुघाट ओपी में दिए आवेदन में बताया कि पिंकी की शादी इस वर्ष 29 अप्रैल को गोमिया थाना क्षेत्र के पड़रिया रहिवासी रामेश्वर यादव के पुत्र संतोष यादव से हुई थी। संतोष वर्ष 2018 बैच का दरोगा बताया जा रहा है, तथा वर्तमान में झारखंड की राजधानी रांची में पदस्थापित है। बताया कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले टाटा सायरा वाहन की मांग कर रहे थे। असमर्थता जताने पर पिंकी को शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा।

परिजनों का आरोप है कि बीते 23 जून को जब पिंकी ससुराल पहुंची तो उस दिन भी उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। चीख सुनकर उसे छोड़ने गए मायके वाले घर के अंदर भागे और बुरी हालत में पिंकी को गोमिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे उसके मायके घरवाटांड़ लाया गया। लगातार प्रताड़ना से टूट चुकी पिंकी ने बीते 26 जून को घरवाटांड़ स्थित अपने मायके के एक कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

न्याय और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजनों ने 27 जून को शव के साथ गोमिया मोड़ को जाम कर दिया। इससे बोकारो-रामगढ़ मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलते ही गोमिया सीओ आफताब आलम, बीडीओ महादेव महतो, बोकारो थर्मल थाना प्रभारी सह पुलिस इंस्पेक्टर पिंकू कुमार यादव, तेनुघाट ओपी प्रभारी भजनलाल, गोमिया थाना प्रभारी प्रफुल्ल महतो, आईईएल थाना प्रभारी श्यामल मंडल, कथारा ओपी प्रभारी समेत थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और जाम हटाने का प्रयास करती रही। अधिकारियों ने परिजनों को निष्पक्ष जांच और कार्रवाई का आश्वासन दिया, लेकिन परिजन लिखित कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।

इस संबंध में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बेरमो रविंद्र कुमार सिंह ने कहा कि 26 जून की मध्य रात्रि तेनुघाट प्रभारी को अस्पताल के द्वारा बताया गया कि थाना क्षेत्र की एक युवती ने आत्महत्या की है जिसका शव अस्पताल में है। सूचना मिलते ही तेनुघाट प्रभारी मौके पर पहुंचे। शव का अंत्य परीक्षण कराया गया। उसके उपरांत परिजनों ने शव को गोमिया चौक में रखकर सड़क जाम किया। उन्होंने अनुसंधान कर दोषीयों पर कार्रवाई करने की बात कही। काफी समझाने बुझाने के बाद शाम के वक्त परिजनों ने शव को उठाया।
दूसरी ओर आरोपी पति संतोष यादव ने प्रताड़ना तथा वाहन की मांग के आरोपों को सीरे से ख़ारिज करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *