Advertisement

सारंडा वन प्रमंडल द्वारा वनपाल प्रशिक्षण विद्यालय में रक्तदान शिविर का आयोजन

रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है-अविरूप सिन्हा

सिद्धार्थ पांडेय/चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम)। समाजसेवा और मानवीय दायित्व की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए सारंडा वन प्रमंडल के सौजन्य से पश्चिम सिंहभूम जिला मुख्यालय चाईबासा स्थित वनपाल प्रशिक्षण विद्यालय परिसर में 27 जून को रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य मानव जीवन की रक्षा हेतु रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना एवं रक्तदान के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना था।

आयोजित रक्तदान शिविर में वनपाल प्रशिक्षण विद्यालय में प्रशिक्षणरत प्रशिक्षु वनरक्षियों एवं वन विभाग के कर्मियों ने स्वेच्छा से भाग लेते हुए उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। सभी रक्तदाताओं का स्वास्थ्य परीक्षण ब्लड बैंक की प्रशिक्षित मेडिकल टीम द्वारा किया गया, इसके पश्चात सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से रक्त संग्रह किया गया। शिविर के दौरान कुल 34 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया, जो आपातकालीन परिस्थितियों में जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवन रक्षक सिद्ध होगा।

इस अवसर पर वनपाल प्रशिक्षण विद्यालय चाईबासा के निदेशक सह सारंडा वन प्रमंडल पदाधिकारी अविरूप सिन्हा ने कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है। एक यूनिट रक्त किसी को नया जीवन दे सकता है। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक स्वस्थ इंसान को इस पुनीत कार्य में आगे आना चाहिए।

कार्यक्रम को सफल बनाने में सारंडा वन प्रमंडल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ-साथ ब्लड बैंक की मेडिकल टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। यह रक्तदान शिविर सामाजिक जिम्मेदारी, मानवीय संवेदना और सेवा भाव का प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत करता है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *