सिद्धार्थ पांडेय/चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम)। पश्चिमी सिंहभूम जिला के हद में गुवा थाना क्षेत्र के गंगदा गांव में 27 जून की संध्या खेत जोतने के दौरान ट्रैक्टर पलट जाने से चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल चालक की पहचान गंगदा रहिवासी पातर चाम्पिया के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पातर चाम्पिया ट्रैक्टर से खेत में हल जोत रहे थे। इसी दौरान ट्रैक्टर अचानक असंतुलित होकर पलट गया, जिससे वे ट्रैक्टर के नीचे दब गए। घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीण रहिवासी तत्काल मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद चालक को ट्रैक्टर के नीचे से बाहर निकाला। इसके बाद गुवा सेल अस्पताल को सूचना देकर एंबुलेंस बुलवाई गई और घायल को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
बताया जाता है कि गुवा सेल अस्पताल में चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के दौरान पाया कि दुर्घटना में चालक की सीने की हड्डी टूट गई है, जिससे सीने के भीतर हवा भर गई है। चिकित्सकों ने स्थिति चिंताजनक बताते हुए बेहतर उपचार के लिए टाटा स्टील अस्पताल, नोवामुंडी रेफर कर दिया। स्थानीय रहिवासियों की त्वरित सूझबूझ और समय पर मिली सहायता से घायल चालक को शीघ्र अस्पताल पहुंचाया जा सका। फिलहाल उनका इलाज टाटा स्टील अस्पताल नोवामुंडी में चल रहा है।
![]()













Leave a Reply