Advertisement

विकास की रफ्तार नहीं रुकेगी, अगले पांच वर्ष होंगे बेमिसाल-भोलू पासवान

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में चास नगर निगम क्षेत्र के रामनगर कॉलोनी, अंबेडकर पुरी मोहल्ला एवं नन्दुआ स्थान में सड़क एवं ड्रेन निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर स्थानीय रहिवासियों ने मेयर भोलू पासवान का गर्मजोशी से स्वागत एवं सम्मान किया। कार्यक्रम में डिप्टी मेयर, वार्ड पार्षद, गणमान्य जन एवं बड़ी संख्या में स्थानीय रहिवासी उपस्थित रहे।

इस दौरान मेयर भोलू पासवान ने निर्माण कार्य का शुभारंभ करते हुए कहा कि नगर निगम क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिन इलाकों में वर्षों से सड़क और जल निकासी की समस्या थी, वहां अब स्थायी समाधान की दिशा में काम शुरू हो गया है।

मेयर ने कहा कि हमारा संकल्प है कि चास नगर निगम क्षेत्र का कोई भी मोहल्ला विकास से वंचित न रहे। रामनगर कॉलोनी, अंबेडकर पुरी और नन्दुआ स्थान में सड़क एवं ड्रेन निर्माण शुरू होना इसी संकल्प का हिस्सा है। कहा कि क्षेत्र के मतदाताओं ने जो विश्वास हम पर जताया है, उस पर हम पूरी तरह खरा उतरेंगे। विकास की यह रफ्तार लगातार जारी रहेगी। आने वाले पांच वर्ष नगर निगम क्षेत्र के लिए विकास के नए आयाम स्थापित करेंगे। हर वार्ड में बेहतर सड़क, नाली, स्वच्छता, पेयजल और मूलभूत सुविधाओं का विस्तार हमारी प्राथमिकता है। आमजनों के सहयोग और विश्वास से बोकारो को एक स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक शहर बनाने का काम निरंतर जारी रहेगा।

कार्यक्रम में उपस्थित डिप्टी मेयर, वार्ड पार्षदों एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी नगर निगम द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों की सराहना की। स्थानीय रहिवासियों ने सड़क एवं नाली निर्माण कार्य शुरू होने पर हर्ष व्यक्त करते हुए मेयर और नगर निगम का आभार जताया। समारोह के अंत में मेयर को अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *