Advertisement

संविधान से खिलवाड़ करनेवालों को देश कभी माफ नहीं करेगा-बाबूलाल मरांडी

चास में संविधान हत्या दिवस कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष ने कांग्रेस पर साधा निशाना

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में उपनगर चास में 26 जून को संविधान हत्या दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा बोकारो जिलाध्यक्ष सुरेंद्र राज ने की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी शामिल हुए।

इस अवसर पर अपने संबोधन में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि 25 जून 1975 को लगाया गया आपातकाल भारतीय लोकतंत्र का सबसे काला अध्याय था। उस दौर में संविधान की मूल भावना को कुचलने का प्रयास किया गया। नागरिकों के मौलिक अधिकार छीन लिए गए। प्रेस की स्वतंत्रता पर अंकुश लगाया गया और हजारों राजनीतिक कार्यकर्ताओं को जेल में डाल दिया गया। उन्होंने कहा कि संविधान से खिलवाड़ करने वालों को देश कभी माफ नहीं करेगा। कहा कि लोकतंत्र की रक्षा और संविधान की मर्यादा बनाए रखना प्रत्येक देशवासी की जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं से देश के लोकतांत्रिक इतिहास को जानने और संविधान के मूल्यों की रक्षा के लिए जागरूक रहने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष सुरेंद्र राज ने कहा कि संविधान हत्या दिवस केवल इतिहास को याद करने का अवसर नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प लेने का दिन है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए सभी की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। इस अवसर पर भाजपा के कई वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में समर्थक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान लोकतंत्र की रक्षा और संविधान के सम्मान का संकल्प भी दिलाया गया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *