अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नगर मंडल सोनपुर के कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक 26 जून को सोनपुर के विधायक कार्यालय में आयोजित की गई। वर्ष 1975 में 25 जून के दिन ही तत्कालीन कांग्रेस सरकार द्वारा पूरे देश में आपातकाल लागू किया गया था। इसी संदर्भ में पार्टी द्वारा राष्ट्रव्यापी आह्वान पर काला दिवस मनाया गया।
आयोजित कार्यक्रम के दौरान नगर भाजपा कार्यकर्ताओं ने सर्वप्रथम लोकनायक जयप्रकाश नारायण के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। इसके बाद सभी कार्यकर्ताओं ने अपनी-अपनी बांहों पर काली पट्टी बांधकर आपातकाल के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।
इस अवसर पर सोनपुर प्रखंड के प्रमुख जेपी सेनानियों रामशंकर सिंह, चंदेश्वर भारती और मान्धाता सिंह को भाजपा द्वारा अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर अध्यक्ष मुकेश कुमार सिंह ‘बबलू’ ने की, जबकि मंच संचालन प्रख्यात समाजसेवी राजीव मुनमुन द्वारा किया गया।
लोकतंत्र की हत्या का गवाह था वो दौर-जेपी सेनानी
इस अवसर पर सम्मानित जेपी सेनानियों ने आपातकाल के काले दिनों को याद करते हुए कहा कि 25 जून 1975 की देर रात ही आपातकाल के मसौदे पर तत्कालीन राष्ट्रपति फकरुद्दीन अली अहमद के हस्ताक्षर करा लिए गए थे। इसके तुरंत बाद पूरे देश में पुलिस-प्रशासन का तांडव शुरू हो गया। कहा कि रात में ही लोकनायक जयप्रकाश नारायण, राष्ट्रधर्म के संवाहक नानाजी देशमुख, अटल बिहारी वाजपेयी, मोरारजी भाई देसाई, चौधरी चरण सिंह, राजनारायण राय और कर्पूरी ठाकुर जैसे बड़े नेताओं को बंदी बना लिया गया था। उन्होंने बताया कि इस 21 महीने के दंश के दौरान 1,253 पत्रकारों सहित करीब 1,10,000 (एक लाख दस हजार) आंदोलनकारी को जेलों में ठूस दिया गया। दो साल बाद जब कांग्रेस को लगा कि विपक्ष पूरी तरह समाप्त हो चुका है, तब इंदिरा गांधी ने चुनाव कराए। लेकिन जनता ने इस तानाशाही का करारा जवाब दिया।

चुनाव में कांग्रेस की ऐतिहासिक हार हुई और स्वयं प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी भी चुनाव हार गई। स्थिति यह थी कि उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में कांग्रेस अपना खाता तक नहीं खोल सकी। बैठक में मुख्य रूप से वरिष्ठ भाजपा नेता नरेश सिंह, समाजसेवी कृष्णा प्रसाद, महेश कुमार, संजीव कुमार सिंह, सत्येन्द्र नारायण सिंह, कांति देवी, अरुण कुमार सिंह, तनिस कुमार सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्तागण उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply