Advertisement

मोहर्रम पर्व को लेकर प्रशासन सतर्क, उपायुक्त व पुलिस अधीक्षक का फ्लैग मार्च

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं भाईचारे के वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। इसी क्रम में जिला उपायुक्त अजय नाथ झा एवं पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीना ने मोहर्रम की पूर्व संध्या पर बोकारो जिला के हद में.गोमिया, बेरमो एवं चंद्रपुरा क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों तथा संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च किया।

फ्लैग मार्च के दौरान अधिकारियों ने आम जनों से शांति, सद्भाव और आपसी भाईचारे की परंपरा को बनाए रखने की अपील की। कहा कि मोहर्रम का पर्व सामाजिक सौहार्द और अनुशासन के साथ मनाया जाए तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं और सभी संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

इस अवसर पर उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। वहीं पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीना ने आम रहिवासियों से प्रशासन का सहयोग करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की। फ्लैग मार्च के दौरान प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की टीम भी मौजूद रही। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *