रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई है। इसे लेकर 25 जून को प्रखंड कार्यालय सभागार में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में अधिकारियों, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों तथा बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में बीएलओ के प्रशिक्षण की समीक्षा की गई तथा बीएलए को मतदाता सत्यापन और गणना प्रपत्र वितरण की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। मौके पर अधिकारियों ने बताया कि प्रखंड के सभी बीएलओ का प्रशिक्षण पूरा हो चुका है, जबकि विभिन्न राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त बीएलए का प्रशिक्षण जारी है। कहा गया कि एसआईआर -2026 के तहत घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित किए जाएंगे और प्रत्येक बूथ पर वालेंटियर भी बीएलओ की सहायता करेंगे, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से छूट न जाए।
पारदर्शिता और शुद्ध मतदाता सूची हमारी प्राथमिकता-अंचलाधिकारी
अंचलाधिकारी कसमार नरेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि एसआईआर का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को पूरी तरह त्रुटिरहित और पारदर्शी बनाना है। उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी हो। इसी उद्देश्य से बीएलओ और बीएलए दोनों को प्रशिक्षित किया जा रहा है। मतदाताओं से अपील है कि सत्यापन के दौरान सही जानकारी उपलब्ध कराएं और बीएलओ का सहयोग करें, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे।
समयबद्ध तरीके से होगा नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन का कार्य-किशोर कांत
जिला मुख्यालय से आए प्रशिक्षक किशोर कांत ने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन से संबंधित सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरे किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि गहन मतदाता पुनरीक्षण के दौरान मतदाता सूची को अद्यतन बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। किसी भी प्रकार की त्रुटि या शिकायत होने पर मतदाता टोल-फ्री नंबर अथवा प्रखंड कार्यालय में शिकायत दर्ज करा सकते हैं। सभी शिकायतों का नियमानुसार समाधान किया जाएगा।
लोकतंत्र की मजबूती के लिए शुद्ध मतदाता सूची जरूरी-डॉ लंबोदर महतो
प्रशिक्षण कार्यक्रम में मुख्य रूप से उपस्थित गोमिया के पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाता सूची का शुद्ध और अद्यतन होना बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम शामिल होना चाहिए। इसके लिए राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, बीएलए और बीएलओ समन्वय के साथ कार्य करें। कहा कि यह केवल चुनावी प्रक्रिया नहीं, बल्कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने का अभियान है। सभी इस कार्य में सहयोग करें, ताकि कोई भी योग्य मतदाता अपने अधिकार से वंचित न रहे। बोकारो जिला परिषद उपाध्यक्ष बबीता कुमारी ने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है और इस दिशा में सभी की भागीदारी आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी इस प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। हमारा प्रयास है कि हर पात्र मतदाता तक गणना प्रपत्र पहुंचे और किसी का नाम छूटने न पाए। सभी इस अभियान में सहयोग करें, ताकि पारदर्शी और त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार की जा सके। प्रशिक्षण कार्यक्रम में विभिन्न राजनीतिक दलों के बीएलए, बीएलओ तथा अन्य प्रतिनिधि उपस्थित थे। अधिकारियों ने बताया कि डोर-टू-डोर अभियान के माध्यम से मतदाताओं तक पहुंचकर सत्यापन और गणना प्रपत्र वितरण का कार्य किया जाएगा, जिससे एसआईआर-2026 अभियान को सफल बनाया जा सके।
![]()













Leave a Reply