बिना हेलमेट और तेज रफ्तार वाहन चालकों को थाना प्रभारी ने दी सख्त हिदायत
प्रहरी संवाददाता/बेरमो (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में बेरमो थाना क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम लगाने के उद्देश्य से बेरमो थाना के समक्ष 25 जून को विशेष एंटी क्राइम वाहन जांच अभियान चलाया गया। यह अभियान बेरमो थाना प्रभारी रोहित सिंह के नेतृत्व में जगह जगह मुस्तैदी से चलाया गया।
जानकारी के अनुसार वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने दोपहिया और चार पहिया वाहनों के कागजात, डिक्की और चालकों की सघन तलाशी ली। साथ हीं दोपहिया वाहन चालकों तथा सवारों को हेलमेट पहनकर तथा चार पहिया वाहन चालकों व् सवारों को सीट बेल्ट लगाकर हीं वाहन चलाने की ताकिद की।
बताया जाता है कि अभियान के दौरान बिना हेलमेट बाइक चलाने वाले और अनियंत्रित गति (ओवर स्पीडिंग) में वाहन दौड़ाने वाले चालकों को रोककर कड़ी फटकार लगाई गई। थाना प्रभारी रोहित सिंह ने वाहन चालकों को ट्रैफिक नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी। थाना प्रभारी ने कहा कि सड़क पर आपकी सुरक्षा ही पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। हेलमेट कोई बोझ नहीं, बल्कि आपकी जान का सुरक्षा कवच है।
कहा कि अक्सर तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण भयानक सड़क हादसे होते हैं, जिनमें कई परिवार उजड़ जाते हैं। वाहन चालक हमेशा नियंत्रित गति में गाड़ी चलाएं और सुरक्षा मानकों का पालन करें। उन्होंने कहा कि पुलिस का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। नियम तोड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए भारी जुर्माना वसूला जाएगा।
इस अचानक हुई जांच अभियान से नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मचा रहा। कई वाहन चालक पुलिस को देखकर रास्ता बदलते नजर आए। पुलिस प्रशासन ने आम जनों से अपील की है कि वे अपराध मुक्त समाज और सुरक्षित सफर के लिए पुलिस का सहयोग करें और घर से हमेशा हेलमेट व जरूरी कागजात लेकर ही निकलें।
![]()













Leave a Reply