विजय कुमार साव/गोमिया (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में गोमिया में बहुप्रतिक्षित जलापूर्ति योजना का झारखंड सरकार के मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने 19 जून को उद्घाटन किया। इसके चालू होने से गोमिया क्षेत्र के हजारों परिवारों को सुलभ जलापूर्ति का का अंदाजा है।
जानकारी के अनुसार गोमिया प्रखंड के हद में पलिहारी गुरुडीह पंचायत में राज्य के पेयजल एवं स्वच्छता तथा उत्पाद एवं मद्य निषेध मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने गोमिया ग्रामीण जलापूर्ति योजना के अंतर्गत कोनार नदी पर बने इंटेकवेल निर्माण, गैंगवे, राइजिंग पाइप एवं मोटर पंप द्वारा जलापूर्ति कार्य का उद्घाटन किया। कार्यक्रम स्थल पर पारंपरिक रीति-रिवाज बाजे गाजे फूल माला के साथ मंत्री का भव्य स्वागत किया गया।
आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि 22 वर्षों के बाद गोमिया क्षेत्रवासियों के लिए ऐतिहासिक पहल है। इसके क्रियान्वयन से हजारों परिवारों को नियमित रूप से स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि लंबे समय से चली आ रही पेयजल संकट की समस्या का स्थायी समाधान होगा। कहा कि स्वच्छ पेयजल हर नागरिक का अधिकार है और राज्य सरकार इस अधिकार को घर-घर तक पहुंचाने के लिए कटिबद्ध है।
मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार हर घर नल से जल के संकल्प को जमीन पर उतारने के लिए लगातार काम कर रही है। गोमिया ग्रामीण जलापूर्ति योजना का सुदृढ़ीकरण उसी दिशा में बड़ा कदम है। इससे न केवल क्षेत्र का विकास होगा, बल्कि रहिवासियों के स्वास्थ्य और जीवन स्तर में भी सकारात्मक बदलाव आएंगे। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजना का संचालन समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम जनों को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके।

मंत्री ने कहा कि यह योजना उनकी विशेष पहल और सतत प्रयासों का परिणाम है। क्षेत्रवासी लंबे समय से इसकी मांग कर रहे थे। उनके प्रयासों से योजना को स्वीकृति मिली और आज उद्घाटन होने से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है। गोमिया की जनता से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि हर माह पानी टंकी चलाने के लिए करोड़ रुपए का भुगतान झारखंड सरकार बिजली विभाग को करती है, किंतु जलकर के रूप में 60 रुपये प्रतिमाह का भुगतान करना भी जरूरी है, ताकि पानी टंकी में कार्य करने वालो को भी घर परिवार चलाने के लिए पैसे मिल सके। कहा कि वे आने वाले समय में इस तरह की और भी योजना धरातल पर उतारने का काम करेंगे।
इस अवसर पर जिला परिषद अध्यक्ष सुनीता देवी, प्रखंड प्रमुख प्रमिला चौडे, विधायक प्रतिनिधि अमित पासवान, बीडीओ महादेव कुमार महतो, सीओ आफताब आलम, पेयजल विभाग के शास्त्री शाह, कनीय अभियंता लुकमान, जिप सदस्य डॉ सुरेंद्र राज, मुखिया बलराम रजक, शांति देवी, अंशु कुमारी, बंटी उरांव, पूर्व मुखिया धनंजय सिंह, मो. असलम, पिंटू पासवान सहित सैकड़ो की संख्या में ग्रामीण रहिवासी मौजूद थे।
![]()













Leave a Reply