सीसीएल मुख्यालय में पर्यावरण जागरूकता प्रश्नोत्तरी का आयोजन
एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में 3 जून को झारखंड की राजधानी रांची स्थित सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) मुख्यालय में पर्यावरण संरक्षण एवं हरित विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से फलदार पौधों का वितरण किया गया। यहां आयोजित कार्यक्रम में पर्यावरण जागरूकता प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर सीसीएल के निदेशक तकनीकी एवं संचालन चंद्र शेखर तिवारी, निदेशक (योजना एवं परियोजना अनुप हंजुरा, महाप्रबंधक राज किशोर आदि की गरिमामयी उपस्थिति रही। जानकारी के अनुसार इस अवसर पर कार्यक्रम के अंतर्गत सीसीएल कर्मियों के बीच लगभग 500 फलदार पौधों का वितरण किया गया। वितरित किए गए पौधों में आंवला, अनार, अमरूद, सीताफल, आम सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे शामिल है। इस पहल का उद्देश्य कर्मचारियों एवं उनके परिवारों को वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करना, हरित आवरण में वृद्धि करना तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता को बढ़ावा देना है।
इस अवसर पर आयोजित सामान्य पर्यावरण जागरूकता प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में भी कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता के माध्यम से प्रतिभागियों को पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता, जलवायु परिवर्तन, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण तथा सतत विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों के प्रति जागरूक किया गया। प्रतियोगिता ने कर्मचारियों के ज्ञानवर्धन के साथ-साथ पर्यावरणीय दायित्वों के प्रति उनकी समझ को भी सुदृढ़ किया।

मौके पर निदेशक तकनीकी एवं संचालन चंद्र शेखर तिवारी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल हरियाली बढ़ाने का माध्यम नहीं, बल्कि यह जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने, जैव विविधता के संरक्षण तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
निदेशक योजना एवं परियोजना अनुप हंजुरा ने तमाम सीसीएल कर्मियों से अधिकाधिक वृक्षारोपण करने एवं लगाए गए पौधों के संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में उपस्थित कर्मियों ने पौधों का रोपण एवं संरक्षण करने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का सक्रियता से निर्वहन करने का संकल्प लिया।
सीसीएल के जनसंपर्क विभाग के अनुसार यह पहल विश्व पर्यावरण दिवस की इस वर्ष की थीम प्रकृति से प्रेरित, जलवायु के लिए, हमारे भविष्य के लिए के अनुरूप पर्यावरणीय उत्तरदायित्व एवं सतत विकास के प्रति सीसीएल की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण एवं जनभागीदारी को बढ़ावा देने के संदेश के साथ किया गया। कहा गया कि सीसीएल भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास को प्रोत्साहित करने हेतु ऐसे जन-जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा।
![]()













Leave a Reply