Advertisement

लीचीपुरम सांस्कृतिक पुनर्जागरण अभियान का प्रथम वर्ष पूर्ण-सुरेश गुप्ता

एस. पी. सक्सेना/मुजफ्फरपुर (बिहार)। लीचीपुरम सांस्कृतिक पुनर्जागरण अभियान के प्रथम वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 3 जून को अभियान के सदस्यों द्वारा मुजफ्फरपुर के बाबा गरीबनाथ सहित विभिन्न धार्मिक एवं शहीद स्थलों पर धन्यवाद ज्ञापन कार्यक्रम आयोजित किया गया। उक्त जानकारी पर्यावरणविद् सुरेश गुप्ता ने दी।

ज्ञात हो कि, आज से एक वर्ष पूर्व 3 जून 2025 को पर्यावरणविद् सुरेश गुप्ता द्वारा मुजफ्फरपुर की पहचान एवं अस्मिता से जुड़ी विलुप्ति के संकट का सामना कर रही शाही लीची को बचाने, बढ़ाने तथा उसकी मिठास को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से इस अभियान की शुरुआत की गयी थी। आज लीची आधारित वैल्यू एडेड उत्पादों के निर्माण के माध्यम से सैकड़ों हाथों को रोजगार एवं आत्मनिर्भरता का अवसर मिल रहा है।

इस अवसर पर गरीबनाथ धाम, देवी मंदिर, दाता कंबल शाह मजार, गुरुद्वारा, चर्च, खुदीराम बोस, प्रफुल्ल चाकी स्मारक स्थल तथा वैष्णो देवी मंदिर में अभियान के सदस्यों ने लीची के बुके, लीची के पत्तों की माला, लीची की आकृति वाली अगरबत्तियाँ एवं लीची की सुगंध वाली अगरबत्तियाँ अर्पित कर धन्यवाद ज्ञापित किया।

L
इस अवसर पर महिला सशक्तिकरण प्रभारी रीता मोदी द्वारा तैयार लीची आधारित व्यंजन खट्टी-मीठी, अचार, जैम एवं जेली भी श्रद्धापूर्वक समर्पित किए गए। वहीं फाइन आर्टिस्ट कोमल लखानी द्वारा निर्मित टफ्टिंग रग तथा मिट्टी के कलाकार प्रह्लाद पंडित द्वारा प्रत्येक धार्मिक एवं शहीद स्थल की पवित्र मिट्टी एकत्र की गई। उद्देश्य यह कि भविष्य में लीचीपुरम आर्ट के मिट्टी से बने उत्पादों में उपरोक्त स्थलों का आशीर्वाद और ऊर्जा समाहित हो तथा लोकल प्राइड, ग्लोबल राइट के स्वप्न को साकार किया जा सके।

कार्यक्रम के दौरान लोक कलाकार सुनील कुमार ने लीची पर आधारित गीत प्रस्तुत कर वातावरण को मधुर बना दिया। इस अवसर पर प्रधानाचार्या वर्षा सिंह, लीचीपुरम आर्ट से जुड़े कलाकार तथा लीची की लकड़ी को उपयोगी उत्पादों में परिवर्तित करने वाले मुकेश शर्मा ने भी अभियान की सफलता के लिए धन्यवाद ज्ञापन किया और आगामी दिशा के लिए मार्गदर्शन की कामना की।

इस अवसर पर देश के पुर्व रक्षा मंत्री दिवंगत जॉर्ज फर्नांडिस के तैल चित्र पर लीची बुके अर्पित कर जन्मदिन मनाया गया। मौके पर अभियान के पदाधिकारियों ने निर्णय लिया कि शीघ्र ही एक विशेष कार्यक्रम आयोजित कर अभियान के एक वर्ष की उपलब्धियों एवं प्रगति को सार्वजनिक रूप से प्रस्तुत किया जाएगा तथा आगामी वर्षों की कार्ययोजना एवं रणनीति निर्धारित की जाएगी। साथ हीं मीठा मुस्कुराने के सपने को साकार किया जाएगा।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *