अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में सोनपुर प्रखंड के सबलपुर दियारा में चल रहे कटावरोधी एवं बोल्डर पिचिंग निर्माण कार्य की कछुआ गति ने स्थानीय रहिवासियों की चिंता बढ़ा दी है। हाल ही में ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों द्वारा किए गए संयुक्त निरीक्षण के बाद कार्य की प्रगति और इस्तेमाल की जा रही सामग्री की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े किए गये हैं। निरीक्षण के दौरान कार्य की रफ्तार उम्मीद से काफी कम पाई गई, जिससे क्षेत्र में भारी असंतोष है।
सबलपुर के ग्रामीणों के अनुसार, बाढ़ और कटाव के खतरे को देखते हुए प्रतिदिन कम-से-कम 3,000 मेगा जियो बैग डंप किए जाने की सख्त जरूरत है। इसके विपरीत, कार्य शुरू होने से लेकर अब तक मात्र 2,900 बैग ही डंप किए जा सके हैं। स्थिति यह है कि अभी तक बेस (आधार) निर्माण का कार्य भी पूरा नहीं हो पाया है, जबकि इसके ऊपर का एक बड़ा हिस्सा बनना अभी बाकी है।
गुणवत्ता और संसाधनों पर उठे गंभीर सवाल
बताया जाता है कि ग्रामीण रहिवासियों द्वारा निरीक्षण के दौरान कार्य में इस्तेमाल हो रहे बोल्डरों की गुणवत्ता को लेकर भी संशय व्यक्त किया गया है। स्थानीय रहिवासियों का कहना है कि यदि निर्माण सामग्री की गुणवत्ता से समझौता किया गया, तो भविष्य में यह बांध नदी के दबाव को झेल नहीं पाएगा। इसके अलावा मशीनों और श्रमिकों की कमी दृष्टिगोचर हो रही है। कार्यस्थल पर पर्याप्त संख्या में मजदूर और आवश्यक मशीनें उपलब्ध नहीं है। कहा गया कि नदी के जलस्तर में वृद्धि का समय नजदीक आ रहा है, जिससे चुनौती और अधिक गंभीर हो गई है।
बताया जाता है कि वर्तमान में यहां लगभग 1.8 किलोमीटर लंबे इस अत्यंत महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट के लिए महज तीन जगहों पर काम चल रहा है, जो कि पूरी तरह अपर्याप्त है। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने मांग की है कि कार्यस्थलों की संख्या को तत्काल प्रभाव से बढ़ाकर कम-से-कम 10 किया जाए, ताकि मानसून या जल स्तर बढ़ने से पहले इस काम को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा किया जा सके।
क्षेत्र के ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों से दो टूक शब्दों में कहा है कि सबलपुर की जनता अब खोखले आश्वासनों से थक चुकी है। उन्हें धरातल पर ठोस परिणाम और सुरक्षित बांध चाहिए। उन्होंने प्रशासन से पर्याप्त संसाधन, मशीनरी और गुणवत्तापूर्ण सामग्री सुनिश्चित करते हुए त्वरित कार्रवाई की मांग की है।
सोनपुर दक्षिणी मंडल भाजपा महामंत्री अविनाश कुमार ने 3 जून को एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा है कि रिंग बांध बनाओ संघर्ष समिति के अध्यक्ष धर्मेंद्र राय, किसान नेता ब्रज किशोर शर्मा, पूर्व मुखिया एवं भाजपा सोनपुर दक्षिणी मंडल अध्यक्ष दीपक शर्मा, भाजपा सोनपुर दक्षिणी मंडल महामंत्री अविनाश कुमार, धर्मनाथ शर्मा, अमोद गोप, दिनेश राय, सरपंच मनोज राय, मुखिया त्रिभुवन राय सहित अन्य ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने विभागीय अधिकारियों एवं ठेकेदार प्रतिनिधियों से मांग की है कि वे मामले को गंभीरता से लेते हुए पर्याप्त संसाधन, गुणवत्तापूर्ण सामग्री, मशीनरी एवं श्रमिकों की उपलब्धता सुनिश्चित करें तथा कार्य को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण कराने हेतु आवश्यक कार्रवाई करें।
![]()













Leave a Reply