Advertisement

कसमार में किशोरियों को दी गई पाक्सो एक्ट व् कानूनी अधिकारों की जानकारी

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के पोंडा पंचायत भवन में किशोरियों के अधिकारों और सुरक्षा को लेकर एक दिवसीय कानूनी प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम गैर सरकारी सामाजिक संस्था सहयोगिनी द्वारा आयोजित किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य किशोरियों को पाक्सो एक्ट तथा महिला हिंसा के खिलाफ बने कानूनों के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम में रिसोर्स पर्सन के रूप में उपस्थित तेनुघाट न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता विजय किशोर गौतम ने किशोरियों को कानूनन प्राप्त अधिकारों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने पाक्सो एक्ट की बारीकियों को समझाते हुए कहा कि लड़कियों को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहना चाहिए। कानून उनकी सुरक्षा के लिए बेहद सख्त है, बस जरूरत है सही समय पर आवाज उठाने और जागरूक रहने की।

मौके पर सहयोगिनी के निदेशक गौतम सागर ने बोकारो जिले में महिलाओं और किशोरियों के सशक्तिकरण व सुरक्षा के लिए संस्था द्वारा चलाई जा रही विभिन्न गतिविधियों और भावी योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन संस्था की समन्वयक कुमारी किरण ने की। जागरूकता शिविर में ग्रामीण किशोरियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपने अधिकारों से जुड़े सवाल भी पूछे। कार्यक्रम के दौरान मुख्य रूप से नीतू मुर्मू, साक्षी कुमारी, रिया कुमारी, रुमा कुमारी, पायल कुमारी, कविता कुमारी, उमा मुंडा, रिया रजवार सहित कई अन्य किशोरियाँ व स्थानीय रहिवासी उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *