अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास को बढ़ावा देने के लिए 2 जून को पूर्व मध्य रेलवे के हद में सोनपुर रेल मंडल द्वारा सोनपुर और हाजीपुर सहित विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर व्यापक जागरूकता अभियानों का आयोजन किया गया।
इस दौरान जल संरक्षण और सतत जीवनशैली को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से स्टेशनों व अन्य प्रमुख परिसरों में सार्वजनिक उद्घोषणाएँ की गई। घोषणाओं के माध्यम से रेल यात्रियों और आम जनों को पानी बचाने, पर्यावरण को सुरक्षित रखने तथा प्राकृतिक संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग के प्रति सचेत किया गया।

इसके साथ ही, रेलवे अधिकारियों और कर्मियों ने यात्रियों व स्थानीय समुदायों से सीधा संवाद स्थापित कर उन्हें हरित पहलों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। जागरूकता कार्यक्रमों के जरिए आमजनों को स्वच्छ-सुंदर वातावरण के महत्व और सतत विकास में जन सहभागिता की भूमिका के बारे में विस्तार से बताया गया।
कहा गया कि सोनपुर रेल मंडल पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को निरंतर मजबूत कर रहा है। ऐसे जन जागरूकता अभियानों के माध्यम से समाज में पर्यावरणीय जिम्मेदारी की भावना विकसित करना और जन सहभागिता से सतत विकास को बढ़ावा देना ही इस पहल का मुख्य उद्देश्य है।
![]()













Leave a Reply