सरकारी सेवकों के विरुद्ध हो विधिसम्मत, पारदर्शी व् समयबद्ध कार्रवाई-दीपक
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। बिहार सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग के तत्वावधान में 2 जून को सारण जिला मुख्यालय समाहरणालय सभागार छपरा में सरकारी सेवकों के विरुद्ध अनुशासनिक कार्रवाई संचालित किए जाने से संबंधित महत्वपूर्ण प्रमंडल स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सामान्य प्रशासन विभाग के महानिदेशक सह मुख्य जांच आयुक्त दीपक कुमार सिंह ने की। इस अवसर पर उन्होंने अनुशासनिक कार्रवाई से संबंधित नियमावली एवं प्रक्रियात्मक बिंदुओं पर विस्तृत प्रकाश डाला। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी सेवकों के विरुद्ध अनुशासनिक कार्रवाई की प्रक्रिया पूरी तरह विधिसम्मत, पारदर्शी एवं समयबद्ध ढंग से संचालित होनी चाहिए। इसके लिए संबंधित पदाधिकारियों और कर्मियों का पूरी तरह प्रशिक्षित एवं प्रक्रियाओं से अवगत होना अनिवार्य है।
सारण के जिलाधिकारी (डीएम) वैभव श्रीवास्तव ने इस महत्वपूर्ण आयोजन के लिए निदेशालय की पूरी टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम अनुशासनिक कार्रवाई से जुड़े मामलों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निष्पादन में अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा, जिससे प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता और दक्षता बढ़ेगी।

प्रशिक्षण सत्र के दौरान सामान्य प्रशासन विभाग के प्रशिक्षक एवं अवर सचिव सतीश कुमार तिवारी द्वारा बिहार सरकारी सेवक वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील नियमावली-2005 तथा बिहार सरकारी सेवक आचार नियमावली के प्रावधानों को विस्तार से समझाया गया। अनुशासनिक प्राधिकार, संचालन पदाधिकारी एवं उपस्थापन पदाधिकारी के कर्तव्यों की चरणबद्ध जानकारी दी गई।इसके अलावा आरोप पत्र गठन, संचालन, आरोप सिद्धि, दंड अधिरोपण, साक्ष्यों के आधार पर आरोपों के प्रमाणीकरण तथा गवाहों के परीक्षण जैसी जटिल प्रक्रियाओं पर विस्तृत चर्चा की गयी।
पूरे प्रशिक्षण सत्र के दौरान प्रतिभागियों के साथ प्रश्नोत्तरी एवं द्विपक्षीय संवाद का आयोजन किया गया, जिससे प्रशिक्षण व्यावहारिक और सहभागितापूर्ण बना। उच्च स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में कई वरिष्ठ अधिकारीगण संयुक्त सचिव, मुख्य जांच आयुक्त निदेशालय अमरेश कुमार अमर, आयुक्त के सचिव डॉ संजय कुमार, संयुक्त सचिव विभागीय जांच सारण प्रमंडल अनिल कुमार राय, अवर सचिव, सामान्य प्रशासन विभाग सतीश कुमार तिवारी, अवर सचिव शालिग्राम पांडेय सहित सारण प्रमंडल के तीनों जिलों सारण, गोपालगंज तथा सिवान के अपर समाहर्त्ता (विभागीय जांच) सहित अन्य संबंधित विभाग के पदाधिकारीगण एवं कर्मी आदि उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply