Advertisement

जर्जर योगियामठ मार्ग व् नाला निर्माण को ले ग्रामीणों द्वारा सड़क पर धरना-प्रदर्शन

माले प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन में लिया भाग

एस. पी. सक्सेना/समस्तीपुर (बिहार)। समस्तीपुर जिला के हद में ताजपुर नगर परिषद क्षेत्र के योगियामठ सड़क की जर्जर स्थिति एवं नाला निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने एक जून को सड़क पर धरना-प्रदर्शन किया। धरना- प्रदर्शन में बड़ी संख्या में भाकपा माले कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

इस अवसर पर प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वर्षों से सड़क बदहाल है और हल्की बारिश में सड़क पर घूठने भर जल जमाव हो जाता है, जिससे आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

ग्रामीणों ने बताया कि सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं तथा नाला नहीं रहने के कारण गंदा पानी सड़क पर जमा रहता है। इससे राहगीरों, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों एवं दोपहिया वाहन चालकों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। कई बार स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रखंड एवं नगर परिषद प्रशासन का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराया गया, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।

धरना-प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने नगर परिषद प्रशासन से अविलंब योगियामठ सड़क का पुनर्निर्माण कराने तथा समुचित जल निकासी के लिए नाला निर्माण कराने की मांग की। आंदोलन के नेतृत्वकर्ता भाकपा माले ताजपुर प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। माले नेता सिंह ने कहा कि जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष करने को विवश है। कहा कि प्रशासन को जनहित में तत्काल पहल करनी चाहिए।

मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी द्वारा भेजे गये बतौर मजिस्ट्रेट प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी द्वारा जर्जर सड़क भ्रमण कराने के बाद स्मार पत्र सौंपकर जल्द आरसीसी सड़क एवं नाला निर्माण कराने अन्यथा आंदोलन तेज करने की चेतावनी के साथ धरना-प्रदर्शन की शांतिपूर्ण ढंग से समाप्ति की घोषणा की गई।

धरना प्रदर्शन में विष्णुदेव राय, विक्रम कुमार, शंकर महतो, राजदेव प्रसाद सिंह, विजय साह, जयप्रकाश कुमार, नगर पार्षद मुकेश मेहता, पार्षद दुर्गा प्रसाद साह, मोहन कुमार, अमरजीत कुमार, गौतम कुमार, जगदेव कुमार, शुभम कुमार, प्रदीप कुमार समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण रहिवासी शामिल थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *