Advertisement

सृजन साथी अभियान: कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष का भव्य स्वागत, कार्यकर्ताओं में भरा जोश

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा संचालित सृजन साथी अभियान को गति देने के लिए अररिया जा रहे प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार राम का एक जून को सारण जिला के हद में सोनपुर में जोरदार स्वागत किया गया।

जानकारी के अनुसार एनएच-19 पर मानपुर के समीप सारण जिला कांग्रेस कमेटी (पूर्वी) के जिलाध्यक्ष सुधीर कुमार राय के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को फूल-मालाओं, पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंट कर गर्मजोशी से अभिनंदन किया। इस दौरान सैकड़ों कार्यकर्ताओं की नारेबाजी से माहौल पूरी तरह उत्साहपूर्ण हो गया।

इस अवसर पर ​कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि सृजन साथी अभियान का मूल लक्ष्य बूथ स्तर तक पार्टी संगठन को सुदृढ़ करना है। संवाद के माध्यम से आम जनों की समस्याओं को जानकर उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करना पार्टी की प्राथमिकता है। कांग्रेस पार्टी गांव-गांव जाकर युवाओं, महिलाओं और वंचित वर्गों को संगठन से जोड़ने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सारण जिला कांग्रेस (पूर्वी) के जिलाध्यक्ष सुधीर कुमार राय ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष के कुशल नेतृत्व में संगठन में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ है। कहा कि सृजन साथी अभियान ने जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं का मनोबल काफी बढ़ाया है।

​स्वागत कार्यक्रम के समापन के बाद प्रदेश अध्यक्ष कार्यकर्ताओं से संक्षिप्त मुलाकात कर अररिया के लिए रवाना हो गए। स्वागत समारोह में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जितेंद्र कुमार सिंह, युवा नेता नवीन कुमार तंतु, प्रखंड अध्यक्ष राजेश कुमार शर्मा सहित सैकड़ों स्थानीय कार्यकर्ता मुख्य रूप से उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *