रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के मुरहुल सुदी पंचायत के पाड़ी गांव के ग्रामीणों को पिछले काफी समय से झेलनी पड़ रही पानी की समस्या से आखिरकार निजात मिल गई है। पंचायत के सक्रिय मुखिया पति मनोज कुमार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गांव के एक पुराने व खराब पड़े चापानल (हैंड पंप) की मरम्मत करवाकर ग्रामीणों को बड़ी राहत दी है।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, पाड़ी गांव में पेयजल का मुख्य साधन यही चापानल था, जो तकनीकी खराबी के कारण पिछले कुछ समय से पूरी तरह से बंद पड़ा था। चापानल खराब होने से रहिवासियों के सामने पीने के पानी का गंभीर संकट हो गया था। विशेषकर महिलाओं को पानी के लिए दूर-दराज के इलाकों पर निर्भर रहना पर रहा था।
*जगत प्रहरी* में खबर छपते हीं मुखिया पति ने मामले में संज्ञान लिया। उन्होंने मामले की गंभीरता को देखते हुए बिना किसी देरी के कदम उठाया। उन्होंने तुरंत मैकेनिकों की टीम को पाड़ी गांव भेजा और खुद निगरानी रखते हुए पुराने व जर्जर हो चुके चापानल की पूरी मरम्मत करवाई। आवश्यक कल-पुर्जे बदले जाने के बाद चापानल से पुनः सुचारू रूप से पानी मिलना शुरू हो गया।
मुखिया पति मनोज कुमार ने कहा कि ग्रामीणों को पानी, बिजली और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी पहली प्राथमिकता है। जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करना ही हमारा मुख्य उद्देश्य है। कहा कि पंचायत के हर गांव का विकास हमारी जवाबदेही है। चापानल के दोबारा शुरू होते ही पाड़ी गांव के रहिवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई। पानी की समस्या का इतनी जल्दी समाधान होने पर ग्रामीणों ने मुखिया पति के प्रति आभार व्यक्त किया और उनके इस कार्य की सराहना की।
चापाकल मरम्मत कार्य के सफल संपादन और जल संकट दूर होने के मौके पर रहिवासी जितेन्द्र महतो, लाल मोहन महतो, जयवीर महतो, गोवर्धन महतो, भृगु महतो, कुंजू घासी, दीपक घासी, कैलाश महतो, कपिलेश्वर महतो, परमेश्वर महतो, आनंद महतो, बबलू महतो, मतलू महतो, धनंजय महतो, दिगू महतो सहित कई अन्य ग्रामीण रहिवासी उपस्थित थे।
![]()














Leave a Reply