Advertisement

हाजीपुर में निकली नशा मुक्ति जागरूकता रैली, युवाओं ने दिया समाज सुधार का संदेश

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर 31 मई को वैशाली जिला मुख्यालय हाजीपुर में गायत्री शक्तिपीठ दिग्घी कला एवं अखिल विश्व गायत्री परिवार वैशाली के संयुक्त तत्वावधान में नशा मुक्त भारत दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर शहर में जागरूकता रैली निकालकर आमजनों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत गायत्री शक्तिपीठ परिसर से वैदिक मंत्रोच्चार एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके बाद बड़ी संख्या में महिला-पुरुष, युवक-युवतियों एवं गायत्री परिवार के सदस्यों ने हाथों में तख्तियाँ और बैनर लेकर शहर के विभिन्न मार्गों पर जागरूकता रैली निकाली। रैली के दौरान नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो, स्वस्थ युवा, मजबूत भारत तथा नशा मुक्त समाज हमारा संकल्प जैसे नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा।

इस अवसर पर उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि नशा आज समाज और विशेषकर युवाओं के भविष्य को बर्बाद कर रहा है। शराब, तंबाकू, गांजा और अन्य मादक पदार्थों की लत से परिवार टूट रहे हैं तथा कई गंभीर बीमारियाँ जन्म ले रही हैं। वक्ताओं ने कहा कि भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए युवाओं का नशा मुक्त और स्वस्थ होना अत्यंत आवश्यक है।

मुख्य ट्रस्टी रामचंद्र सिंह ने कहा कि नशा केवल एक इंसान को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे से दूर रहकर शिक्षा, संस्कार और समाज सेवा के मार्ग पर चलें।
उन्होंने कहा कि गायत्री परिवार लगातार जनजागरण अभियान के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य कर रहा है और आगे भी गाँव-गाँव एवं मोहल्लों में जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।

कार्यक्रम में उपस्थित जनों से नशे के खिलाफ जन-जागरूकता फैलाने और समाज को इस बुराई से मुक्त कराने का आह्वान किया गया। आयोजकों ने बताया कि अधिक से अधिक संख्या में आमजनों को जागरूक कर स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में निरंतर प्रयास जारी रहेगा।

मौके पर उप जोन प्रभारी शिवजी पांडेय, अशेश्वर शर्मा, विनोद, शत्रुघ्न सिंह, उपेंद्र शर्मा, लालबाबू सिंह, दिनेश यादव, राजेश पांडेय, शीला चौधरी, महेश्वर सिंह, उमेश, प्रणव, बिक्की कुमार, तरुण साह, राहुल कुमार, राधा सिंह, लक्ष्मी देवी, अर्चना देवी, कांति देवी सहित गायत्री परिवार के कई सदस्य, सामाजिक कार्यकर्ता व स्थानीय रहिवासी उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *