Advertisement

विप्स के 36वें राष्ट्रीय अधिवेशन में सीसीएल की सशक्त भागीदारी

एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। फोरम ऑफ वीमेन इन पब्लिक सेक्टर (विप्स) ने अपने स्थापना दिवस के अवसर पर महाराष्ट्र के मुंबई में अपना 36वां राष्ट्रीय अधिवेशन आयोजित किया। विप्स सार्वजनिक क्षेत्र में महिलाओं का सबसे बड़ा नेटवर्क है, जिसमें 91 सहभागी सार्वजनिक उपक्रम (पीएसयू) एवं राष्ट्रीय बैंक कॉरपोरेट लाइफ सदस्य के रूप में जुड़े हैं। इसके देशभर में लगभग 16,000 लाइफ सदस्य चार क्षेत्रों में विभाजित हैं।

इस वर्ष का राष्ट्रीय अधिवेशन विप्स वेस्टर्न रीजन द्वारा हर एरा: नाउ एंड बियॉन्ड थीम के साथ आयोजित किया गया। कोल इंडिया की अनुशंगी सीसीएल ने इस राष्ट्रीय अधिवेशन में उल्लेखनीय सहभागिता दर्ज कराई। सीसीएल की ओर से विभिन्न क्षेत्रों एवं मुख्यालय से विविध अनुशासनों और पदों का प्रतिनिधित्व करते हुए कुल 15 महिला कर्मियों का दल भेजा गया, जिसका नेतृत्व महाप्रबंधक (ईएंडएम) सुचंद्रा सिन्हा ने किया।

यह सहभागिता कोल इंडिया की सहायक कंपनियों तथा उपस्थित अनेक सार्वजनिक उपक्रमों में सर्वाधिक भागीदारी में से एक रही। अधिवेशन के दौरान महिला नेतृत्व पर समृद्ध एवं प्रेरणादायक सत्र आयोजित किए गए। इनमें ऑयल एंड नेचुरल गैस कॉर्पोरेशन (ओएनजीसी) के पूर्व सीएमडी अल्का मित्तल, निदेशक एचआर ओएनजीसी एवं अन्य महिलाओं द्वारा नेतृत्व पर विशेष व्याख्यान दिया गया। साथ ही नुट्रिशन पावर टू प्रोग्रेस, प्रोफेशनल ग्रूमिंग एवं एटीकेट, एआई, एमएल और टेक्नोलॉजी की दुनिया जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। महिला उद्यमियों ने भी अपने नवाचार, संघर्ष और सफलता की प्रेरक यात्राएं साझा कीं। इलेक्ट्रिक स्कूटर क्षेत्र की अग्रणी कंपनी एम्पेयर व्हीकल की सीईओ तथा एग्रो क्षेत्र की युवा शोधकर्ता रुचि जैन (तारु नेचुरल्स) ने अपने अनुभवों से सभी को प्रेरित किया।

कार्यक्रम के समापन पर विप्स वेस्टर्न रीजन के सदस्यों द्वारा पृथ्वी संरक्षण हेतु स्थिरता की शपथ ली गई, जो इस अधिवेशन का विशेष आकर्षण रहा। सीसीएल की महिला प्रतिभागियों ने इस राष्ट्रीय मंच से समृद्ध अनुभव, सशक्त नेटवर्किंग एवं व्यापक दृष्टिकोण प्राप्त किया। यह सहभागिता उन्हें अपने कार्य स्थल पर नवीन ऊर्जा, बेहतर समझ और संगठनात्मक लक्ष्यों के प्रति और अधिक प्रतिबद्धता के साथ योगदान देने के लिए प्रेरित करेगी।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *