Advertisement

रेलवे परिवार की प्रगति एवं कर्मचारियों का हित सर्वोपरि-अमित सरन

सोनपुर रेल मंडल में वर्ष का प्रथम पीएनएम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। पूर्व मध्य रेलवे के हद में सोनपुर रेल मंडल में बीते 26 फरवरी को वर्ष 2026 का प्रथम स्थायी वार्ता तंत्र (पीएनएम) अत्यंत सकारात्मक एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। इस महत्वपूर्ण बैठक में कुल 63 विभिन्न मुद्दों पर गंभीरतापूर्वक एवं विस्तार से चर्चा की गई, जिनमें से 23 मुद्दों का समाधान आपसी सहमति एवं विचार-विमर्श के उपरांत मौके पर ही कर दिया गया।

बैठक की अध्यक्षता सोनपुर के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) अमित सरन ने की। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक सुमन कुमार तांती सहित सोनपुर मंडल के सभी शाखा अधिकारी उपस्थित रहे। यूनियन की ओर से मंडल अध्यक्ष, मंडल सचिव एवं विभिन्न शाखाओं के शाखा पदाधिकारीगण सक्रिय रूप से उपस्थित रहे और कर्मचारियों से जुड़े विषयों को गंभीरता से रखा।

बैठक के दौरान कर्मचारियों के सेवा-संबंधी मुद्दों, कार्यस्थल की सुविधाओं, संरक्षा, संरचनात्मक सुधार, पदोन्नति, आवास, चिकित्सा एवं अन्य कल्याणकारी विषयों पर खुलकर चर्चा की गई। रेल प्रशासन एवं यूनियन के बीच आपसी समन्वय, पारदर्शिता एवं सहयोग की भावना स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुई।

मौके पर डीआरएम अमित सरन ने कहा कि रेलवे परिवार की प्रगति एवं कर्मचारियों के हित सर्वोपरि हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि शेष लंबित मुद्दों के समाधान हेतु संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। कहा कि यह बैठक सौहार्दपूर्ण संवाद, सकारात्मक सोच एवं समाधान- उन्मुख दृष्टिकोण का उत्कृष्ट उदाहरण रही। सोनपुर मंडल प्रशासन कर्मचारियों के कल्याण एवं बेहतर कार्य वातावरण के लिए प्रतिबद्ध है तथा भविष्य में भी इसी प्रकार रचनात्मक संवाद जारी रहेगा।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *