Advertisement

विधानसभा के शून्यकाल में सोनपुर विधायक ने उठाया सबलपुर रिंग बांध निर्माण का मुद्दा

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सोनपुर के विधायक विनय कुमार सिंह ने 27 फरवरी को बिहार विधानसभा के शून्यकाल में सारण जिला के हद में सोनपुर प्रखंड के सबलपुर रिंग बांध निर्माण का मुद्दा उठाया।

जानकारी के अनुसार बीते वर्ष 2025 में सबलपुर दियारा क्षेत्र में गंगा नदी के कटाव से भारी तबाही हुई थी। एक कटावग्रस्त घर की दीवार गिरने से दो महिलाओं की मौत हो गई थी। ग्रामीणों ने रिंग बांध की मांग को लेकर बाढ़ के पानी में डूबे सड़कों पर मानव जंजीर बनाकर विरोध प्रदर्शन भी किया था।
विदित हो कि जिला के हद में सोनपुर प्रखंड के सबलपुर पूर्वी, सबलपुर पश्चिमी, सबलपुर उत्तरी, सबलपुर मध्यवर्ती, नजरमीरा, शाहपुर दियारा एवं गंगाजल पंचायत के हजारों परिवार वर्षों से गंगा नदी के कटाव की समस्या से जूझ रहे हैं।

प्रत्येक वर्ष गंगा व् गंडक नदी का जल स्तर बढ़ने पर घर, कृषि भूमि एवं आजीविका पर गंभीर संकट उत्पन्न हो जाता है।क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग रही है कि कटाव की स्थायी रोकथाम के लिए रिंग बांध का निर्माण कराया जाए।
इस जनहितकारी मांग को मजबूती प्रदान करते हुए सोनपुर के विधायक विनय कुमार सिंह ने 27 फरवरी को विधानसभा के शून्यकाल में इस विषय को उठाया।उन्होंने जल संसाधन विभाग के मंत्री विजय कुमार चौधरी से रिंग बांध निर्माण के संबंध में प्रश्न पूछकर सरकार का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर आकृष्ट कराया।

यह पहल सबलपुर एवं आसपास के पंचायतों के लिए आशा की नई किरण के रूप में देखी जा रही है।क्षेत्र के सभी सामाजिक कार्यकर्ताओं ने विधायक सिंह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रिंग बांध का निर्माण होने से हजारों परिवारों को स्थायी सुरक्षा प्राप्त होगी। कृषि भूमि सुरक्षित रहेगी तथा क्षेत्र के समग्र विकास का मार्ग प्रशस्त होगा। उन्होंने राज्य की नीतीश सरकार से आग्रह किया कि जनहित को ध्यान में रखते हुए शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेकर रिंग बांध निर्माण की दिशा में ठोस कार्रवाई की जाए। कहा गया कि सबलपुर में रिंग बांध निर्माण क्षेत्र की सुरक्षा, स्थायित्व एवं विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *