Advertisement

बाबा हरिहरनाथ को समर्पित फगुआ गायन से गूंज उठा सोनपुर का मंदिर परिसर

सोनपुर के बाबा हरिहरनाथ मंदिर में होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में सोनपुर के विश्व प्रसिद्ध हरिहरक्षेत्र स्थित बाबा हरिहरनाथ मन्दिर में 27 फरवरी को होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बाबा हरिहरनाथ को समर्पित बाबा हरिहरनाथ सोनपुर में रंग खेले बाबा हरिहरनाथ आदि फगुआ गीतों से सम्पूर्ण मंदिर परिसर गूंज उठा।

इस अवसर पर प्रसिद्ध होली गायन मंडली व्यास मथुरा प्रसाद ने अपनी मंडली के साथ दिन-भर बाबा हरिहरनाथ को होली गीत गाकर सुनाया। सभी ने स्वादिष्ट गुंजियों का आनन्द लिया। हरिहरनाथ मंदिर न्यास समिति के सचिव विजय कुमार सिंह लल्ला की अध्यक्षता में आयोजित होली मिलन समारोह में सह कोषाध्यक्ष मिथिलेश कुमार सिन्हा, सदस्य प्रो. चन्द्र भूषण तिवारी, कृष्णा प्रसाद सहित मंदिर कर्मियों व आचार्यों ने इस अवसर पर सभी श्रद्धावानों को होली की बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि होली के रंगों के समान आप सभी के जीवन में भी प्रसन्नता और खुशहाली आए। कहा गया कि होली रंगों का त्योहार है। यह खुशी और हर्ष के साथ समरसता और एकजुटता को बढ़ावा देने वाला पर्व है।

भाईचारे और सौहार्द के प्रतीक इस पर्व पर सचिव विजय कुमार सिंह, आचार्य सुशीलचंद्र शास्त्री, आचार्य पवन शास्त्री ने सबको गुलाल लगाकर होली पर्व की अग्रिम शुभकामनाएं दी। बताया जाता है कि संध्याकालीन बेला में होली स्नेह मिलन समारोह के समापन पर बाबा हरिहरनाथ मन्दिर न्यास समिति के सचिव विजय कुमार सिंह ने उपस्थित भक्तजन को सम्बोधित करते हुए कहा कि यह पर्व होली का मुख्य संदेश बुराई पर अच्छाई की जीत, सामाजिक एकता, प्रेम और सौहार्द्र है, जो रंगों के माध्यम से सभी भेदभावों को मिटाकर आमजनों को एक साथ लाता है और जीवन में खुशियों व नएपन का संदेश देता है। साथ ही यह आध्यात्मिक शुद्धि और नकारात्मकता को जलाने का भी प्रतीक है। इस आनन्दोत्सव पर मन्दिर परिसर भक्तिमय अनुभव कराता रहा।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *