Advertisement

चुनाव में फुसरो नगर परिषद की चेयरमैन बनी निर्मला देवी

चार चरणों की मतगणना में 34,612 विधिमान्य मतों की गणना

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। नगरपालिका आम निर्वाचन के अंतर्गत बोकारो जिला के हद में फुसरो नगर परिषद क्षेत्र के निर्वाचन मतगणना निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 27 फरवरी को चार चरणों में शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हो गया।

जिला के हद में चास स्थित कृषि उत्पादन बाजार समिति परिसर स्थित मतगणना केंद्र से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार फुसरो नगर परिषद के कुल 34,612 विधिमान्य मतों की गणना की गई। मतगणना प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से सभी अभ्यर्थियों एवं उनके अभिकर्ताओं की उपस्थिति में पूरी की गई।

घोषित परिणामों के अनुसार निर्मला देवी को सर्वाधिक 12,780 मत प्राप्त हुए, जिससे उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी पर निर्णायक बढ़त बनाते हुए विजय हासिल की। इस प्रकार निर्मला देवी फुसरो नगर परिषद की नई चेयरमैन घोषित की गयी। उन्हें निर्वाचन पदाधिकारी सह बेरमो के अनुमंडल पदाधिकारी मुकेश मछुवा ने प्रमाण पत्र सौंपा।

मौके पर फुसरो नप के निवर्तमान चेयरमैन राकेश सिंह तथा निवर्तमान उप चेयरमैन छेदी नोनिया बेरमो बीडीओ मुकेश कुमार, विनय कुमार सिंह सहित दर्जनों समर्थक उपस्थित थे।
बताया जाता है कि फुसरो नगर परिषद के लिए संपन्न चुनाव बाद मतगणना में दूसरे स्थान पर ममता देवी रही, जिन्हें 10,277 मत मिले, जबकि तीसरे स्थान पर बीना कुमारी रही, जिन्हें 6,924 मत प्राप्त हुए।

अन्य अभ्यर्थियों में सहोदरी देवी को 1,445, प्रतिभा देवी को 1,017, अनु कुमारी को 605, संगीता देवी को 587, फुलेश्वरी कुमारी को 509 तथा शकुन्तला देवी को 468 मत प्राप्त हुए। बताया जाता है कि मतगणना के चारों चरणों में निर्मला देवी लगातार बढ़त बनाए रहीं। 27 फरवरी की देर संध्या परिणाम घोषित होने के बाद उनके समर्थकों में उत्साह का माहौल देखा गया।

ज्ञात हो कि मतगणना केंद्र चास स्थित कृषि उत्पादन बाजार समिति परिसर में 27 फरवरी को पूरे दिन मतगणना प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं की निगरानी हेतु जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त अजय नाथ झा, पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह, उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी सहित अन्य पदाधिकारी, निर्वाची पदाधिकारी सह एसडीओ बेरमो मुकेश मछुवा मुस्तैद रहे और पूरी प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराया।

बोकारो जिला प्रशासन के अनुसार मतगणना निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से सम्पन्न हुई तथा सभी अभ्यर्थियों ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए मतदाताओं का आभार व्यक्त किया है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *