रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के बरई कला पंचायत के चांदनी चौक स्थित बुलंदी बांध में बहुप्रतीक्षित स्नान घाट निर्माण कार्य का 26 फरवरी को शिलान्यास किया गया। शिलान्यास बोकारो जिला परिषद उपाध्यक्ष बबीता कुमारी द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया गया।
इस अवसर पर पंचायत प्रतिनिधि, ग्रामीण एवं स्थानीय गणमान्य रहिवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। शिलान्यास के अवसर पर जिप उपाध्यक्ष बबीता कुमारी ने कहा कि बुलंदी बांध में स्नान घाट के अभाव में ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं और बुजुर्गों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। छठ पूजा, मकर संक्रांति एवं अन्य धार्मिक अवसरों पर यहां भारी भीड़ उमड़ती है, ऐसे में सुरक्षित और व्यवस्थित स्नान घाट की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी।

उन्होंने कहा कि यह स्नान घाट क्षेत्र के रहिवासियों की वर्षों पुरानी मांग थी। इसके निर्माण से न केवल धार्मिक कार्यों में सहूलियत होगी, बल्कि महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी। कहा कि जिला परिषद क्षेत्र के समग्र विकास के लिए वे प्रतिबद्ध है और आगे भी जनहित की योजनाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।
ग्रामीणों ने इस पहल के लिए जिप उपाध्यक्ष का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्नान घाट बनने से क्षेत्र की तस्वीर बदलेगी और रहिवासियों को काफी सुविधा मिलेगी। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनों ने विकास कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने की मांग भी रखी।
![]()













Leave a Reply