Advertisement

केंद्रीय विद्यालय बोकारो थर्मल में दादा-दादी, नाना-नानी सम्मान समारोह का आयोजन

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। केंद्रीय विद्यालय बोकारो थर्मल के लिए 26 फरवरी का दिन खास रहा। विद्यालय प्रांगण में इस दिवस को ग्रैंड पेरेंट्स डे ( वरिष्ठ अभिभावक दिवस) के रूप में मनाया गया। जिसे हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया।

इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों के दादा-दादी एवं नाना-नानी को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डीवीसी बोकारो थर्मल के परियोजना प्रधान सुशील कुमार अरजरिया के प्रतिनिधि के रूप में वरिष्ठ प्रबंधक मनीष कुमार चौधरी, अन्य विशिष्ट अतिथियों में प्रबंधक एचआर अंजू बोईपाई, प्रबंधक एचआर तनिषा सिल्वी तथा डीएवी झारखंड जोन आई के क्षेत्रीय सहायक पदाधिकारी सह डीएवी कथारा के प्राचार्य डॉ जी. एन. खान विशेष रूप से उपस्थित थे।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि के प्रतिनिधि चौधरी द्वारा दीप प्रज्वलन एवं माँ सरस्वती को पुष्प अर्पित कर किया गया। तत्पश्चात विद्यालय के प्राचार्य डॉ बी. आर. डे ने ग्रैंड पेरेंट्स डे के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि दादा-दादी और नाना-नानी का स्नेह, अनुभव एवं संस्कार बच्चों के जीवन की अमूल्य धरोहर हैं। उपस्थित विशिष्ट अतिथियों ने भी दादा-दादी और नाना-नानी के अनुभवों को आत्मसात कर जीवन को बेहतर बनाने पर बल दिया।

इस अवसर पर विद्यालय प्रांगण में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों की शुरुआत विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत से किया गया। बाल वाटिका के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। प्राथमिक कक्षा के विद्यार्थियों ने दादा-दादी पर आधारित आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किया, जिसे उपस्थित जनों ने सराहा। वहीं दादा-दादी एवं नाना-नानी के लिए म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के विजेताओं को मुख्य अतिथि द्वारा पुरस्कृत किया गया। सभी वरिष्ठ अभिभावकों को स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

मौके पर चौधरी ने विद्यालय की इस पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन पारिवारिक मूल्यों को सुदृढ़ करते हैं और पीढ़ियों के बीच भावनात्मक संबंध को मजबूत बनाते हैं। कार्यक्रम का मंच संचालन शुभम कुमार एवं दीपिका तिर्की द्वारा किया गया। वहीं धन्यवाद ज्ञापन विभा रानी श्रीवास्तव द्वारा किया गया। कार्यक्रम की सफलता में विद्यालय के सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित जनों ने एक-दूसरे के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इस आयोजन को यादगार एवं प्रेरणादायक बताया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *