Advertisement

सारण के डिग्री कॉलेज विहीन प्रखंडों में डिग्री कॉलेज की होगी स्थापना

डीएम ने किया इसुआपुर व् तरैया प्रखंड में विभिन्न विद्यालयों व स्थलों का निरीक्षण

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। बिहार सरकार के सात निश्चय-तीन के एक निश्चय उज्जवल शिक्षा-उज्जवल भविष्य के अंतर्गत सारण के सभी प्रखंडों में डिग्री कॉलेज की स्थापना की जानी है। जिला के हद में डिग्री महाविद्यालय रहित 9 प्रखंडों में डिग्री महाविद्यालय की स्थापना के लिए विद्यालय चिन्हित किए गए हैं। इन विद्यालयों के भवन में तत्काल महाविद्यालय की स्थापना एवं संचालन के लिए आवश्यक भूमि, आधारभूत सुविधा यथा पेयजल, बिजली, शौचालय और अतिरिक्त वर्ग कक्ष की उपलब्धता, उपलब्ध वर्ग कक्ष में आवश्यक मरम्मती आदि का आकलन करने के लिए जिलाधिकारी (डीएम) द्वारा गठित जांच दल द्वारा 26 फरवरी को संबंधित विद्यालयों की जांच की गई।

विदित हो कि महाविद्यालयों के स्थायी भवन एवं परिसर निर्माण के लिए शहरी क्षेत्र में न्यूनतम 2.5 एकड़ और ग्रामीण क्षेत्र में न्यूनतम 5 एकड़ भूमि की उपलब्धता आवश्यक है।
सारण के जिलाधिकारी (डीएम) वैभव श्रीवास्तव ने स्वयं जिला के हद में इसुआपुर एवं तरैया प्रखंड में विभिन्न विद्यालयों एवं स्थल का निरीक्षण किया। डीएम ने इसुआपुर प्रखंड के बजरहिया में डिग्री कॉलेज के स्थायी भवन के निर्माण को लेकर चिन्हित स्थल का निरीक्षण किया। यहां सड़क के एक तरफ 5 एकड़ जमीन की मापी कराकर प्रस्ताव भेजने का निर्देश दिया गया। साथ हीं मेन रोड से इस स्थल तक के संपर्क पथ के चौड़ीकरण हेतु प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया।

इसुआपुर के डिग्री कॉलेज के तत्काल स्थापना एवं संचालन के उद्देश्य से चिन्हित विद्यालय, उत्क्रमित मध्य विद्यालय एवं उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय सिसवा का भी डीएम ने निरीक्षण किया। उक्त विद्यालय परिसर में अतिरिक्त वर्ग कक्ष को तत्काल महाविद्यालय के संचालन के लिए चिन्हित करने का निर्देश दिया गया। विद्यालय भवन के सभी वर्ग कक्ष की आवश्यकतानुसार मरम्मती एवं रंगाई पुताई कराने को कहा गया। परिसर में पेयजल एवं शौचालय की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

विद्यालय कोष से पेयजल के लिये परिसर में आरओ एवं वाटर कूलर लगाने का निर्देश दिया गया। विद्यालय की बाउंड्री को ऊंचा करने के लिये कार्रवाई का निर्देश दिया गया। विद्यालय की भूमि की मापी कराकर खेल मैदान एवं साईकल स्टैंड के निर्माण के लिये कार्रवाई का निर्देश दिया गया।

बताया जाता है कि इस विद्यालय के कंप्यूटर लैब की साफ सफाई कराकर इसे व्यवस्थित एवं क्रियाशील रखने का निर्देश डीएम द्वारा दिया। मध्य विद्यालय में मध्याह्न भोजन तैयार करने वाले रसोइये द्वारा बताया गया कि विगत 4 महीनों से उनके मानदेय का भुगतान नहीं किया गया है, इस संबंध में जिला शिक्षा पदाधिकारी को अविलंब मानदेय के भुगतान हेतु कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। मध्य विद्यालय सिसवा के मध्याह्न भोजन योजना का चावल उच्च विद्यालय के कमरे में भंडारित पाया गया। इसको लेकर प्रधानाध्यापक से स्पष्टीकरण मांगा गया।

इसुआपुर के उपरांत डीएम श्रीवास्तव ने तरैया प्रखंड के मध्य विद्यालय सह उत्क्रमित उच्चतर माध्यमिक +2 विद्यालय परौना का निरीक्षण किया। इस विद्यालय परिसर में डिग्री कॉलेज के तत्काल संचालन के उद्देश्य से अतिरिक्त वर्ग कक्ष को चिन्हित कर आवश्यक मरम्मती कराने, रंग रोगन कराने का निर्देश दिया गया। उच्च विद्यालय के चहारदीवारी निर्माण के लिये कार्रवाई का निर्देश दिया गया।

खेल मैदान के विकास के लिये भी कार्रवाई करने को कहा गया। विद्यालय कोष से पेयजल के लिये आरओ एवं वाटर कूलर लगाने का निर्देश दिया गया। निरीक्षण के क्रम में जिला शिक्षा पदाधिकारी निशांत किरण, भूमि सुधार उप समाहर्त्ता मढ़ौरा धनंजय त्रिपाठी, संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी उपस्थित थे।

 

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *