Advertisement

कदमा में राष्ट्रपति ने रखी जगन्नाथ आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक केंद्र निर्माण की आधारशीला

एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। देश के राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने 26 फरवरी को संयुक्त रूप से पूर्वी सिंहभूम जिला के हद में जमशेदपुर के कदमा मरीन ड्राइव में श्रीजगन्नाथ आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक केंद्र के निर्माण हेतु भूमि की। इस अवसर पर यहां पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच धार्मिक पुरोहितों द्वारा पूरे विधि-विधान के साथ भूमि पूजन कार्यक्रम संपन्न कराया गया।

इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शिलापट्ट का अनावरण कर श्रीजगन्नाथ आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक केंद्र की आधारशिला रखी। मौके पर जमशेदपुर सांसद बिद्युत बरन महतो, विधायक सरयू राय, विधायक पूर्णिमा साहू सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे।

श्रीजगन्नाथ आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक केंद्र का संचालन श्रीजगन्नाथ स्पिरिचुअल एंड कल्चरल चैरिटेबल सेंटर ट्रस्ट द्वारा की जाएगी। लगभग सौ करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले इस केंद्र की रूप-रेखा ओडिशा के पुरी स्थित जगन्नाथ मंदिर की तर्ज पर होगी।

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जय जगन्नाथ का उद्घोष करते हुए कहा कि निश्चित रूप से देश और दुनिया में ऐसी कई संस्थाएं हैं, जहां अलग-अलग उद्देश्य और अलग-अलग विचारों के साथ कुछ चीजें स्थापित की जाती है। इन संस्थाओं के माध्यम से हम स्वयं के साथ-साथ मानव जीवन को भी तराशते हैं। इसी कड़ी में आज सामाजिक, आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक समन्वय के भव्य जीवंत केंद्र के स्थापना की नींव रही जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रीजगन्नाथ आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक केंद्र की स्थापना होना सराहनीय पहल है।

सीएम सोरेन ने कहा कि आज हम सभी यहां श्रीजगन्नाथ आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक केंद्र के निर्माण के लिए आयोजित भूमि पूजन समारोह का साक्षी बन रहे हैं। उन्होंने श्रीजगन्नाथ स्पिरिचुअल एंड कल्चरल चैरिटेबल सेंटर ट्रस्ट की सोच एवं उद्देश्य की सराहना की। उन्होंने विश्वास जताया कि ट्रस्ट के माध्यम से आने वाले समय में यहां एक अभूतपूर्व और भव्य केंद्र मूर्त रूप लेगी।

इस अवसर पर सीईओ एवं एमडी टाटा स्टील टी. वी. नरेंद्रन, मैनेजिंग ट्रस्टी श्रीजगन्नाथ स्पिरिचुअल एंड कल्चरल चैरिटेबल सेंटर एस. के. बेहरा, ट्रस्टी मनोरंजन दास, श्रीधर प्रधान सहित बड़ी संख्या में गणमान्य उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *