मेकॉन स्टेडियम में सीआईएल अंतर कंपनी क्रिकेट टूर्नामेंट में दो रोमांचक मुकाबले
एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। कोल इंडिया लिमिटेड के अंतर कंपनी टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का रोमांच अपने चरम पर है। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड द्वारा आयोजित यह प्रतियोगिता झारखंड की राजधानी रांची के मेकॉन स्टेडियम में खेली जा रही है।
सीसीएल के जनसंपर्क विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार मेकॉन स्टेडियम में 25 फरवरी को आयोजित टूर्नामेंट में दो मुकाबले खेले गए, जिनमें खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल भावना और प्रतिस्पर्धात्मक प्रदर्शन का परिचय दिया।
बताया गया कि दिन का पहला मैच सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) रांची और सिंगरेनी कोलियरीज़ कंपनीज लिमिटेड (एससीसीएल) के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में एससीसीएल की टीम ने प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए मैच अपने नाम किया। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने अनुशासन एवं टीम भावना के साथ खेलते हुए दर्शकों को रोमांचित कर दिया। खेल के अंतिम क्षणों में ही मैच का फ़ैसला हो पाया।
दूसरा मैच नोर्दर्न कोलफील्डस लिमिटेड (एनसीएल) सिंगरौली और भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) धनबाद के बीच खेला गया। इस मुकाबले में एनसीएल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने बेहतरीन बल्लेबाजी और सधी हुई गेंदबाजी का प्रदर्शन किया।
आज के मैच के दौरान सीसीएल के कॉरपोरेट कम्युनिकेशन विभाग के विभागाध्यक्ष आलोक कुमार गुप्ता विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने पहले मैच के मैन ऑफ द मैच खिलाड़ी को सम्मानित किया तथा अपने संबोधन में सभी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसे खेल आयोजन विभिन्न कंपनियों के बीच समन्वय, सौहार्द और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को सुदृढ़ करते हैं।

सीसीएल के खेल प्रबंधक आदिल हुसैन ने टीम भावना के महत्व को रेखांकित करते हुए कोल इंडिया के सभी अनुषंगी इकाइयों के टीम के भाग लेने पर प्रसन्नता जाहिर की।
ज्ञात हो कि यह टूर्नामेंट बीते 20 फरवरी को भव्य उद्घाटन के साथ प्रारंभ हुआ था और आगामी 28 फरवरी को फाइनल मुकाबले के साथ संपन्न होगा। 20 से 28 फरवरी तक आयोजित इस प्रतियोगिता में 10 टीमें अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं। यह आयोजन कोल इंडिया परिवार में टीम भावना, कर्मचारी सहभागिता और सकारात्मक कार्य संस्कृति को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
जनसंपर्क विभाग के अनुसार सीसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) नीलेंदु कुमार सिंह के नेतृत्व में सीसीएल प्रबंधन कोयला खनन के साथ साथ सीएसआर, कल्याण, खेल एवं अन्य क्षेत्रों में ग्रामीणों, श्रमिकों एवं हितधारकों और उनके परिवार के सदस्य के संपूर्ण विकास के लिए हर वक्त तत्पर रहती है।
![]()













Leave a Reply