Advertisement

देर रात डीईओ सह डीसी व् डीडीसी ने मतगणना केंद्र का किया निरीक्षण

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। झारखंड के बोकारो में बीते 23 फरवरी को संपन्न नगर निकाय चुनाव के बाद जिला निर्वाचन पदाधिकारी (डीईओ) सह उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा एवं उप विकास आयुक्त (डीडीसी) शताब्दी मजूमदार ने 25 फरवरी की देर रात जिला के हद में चास स्थित कृषि उत्पादन बाजार समिति मतगणना केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान मतगणना कार्य की तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा की गयी।

जिला जनसंपर्क कार्यालय के अनुसार मतगणना केंद्र का निरीक्षण करते हुए डीसी व् डीडीसी ने संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बताया गया कि निरीक्षण के क्रम में अधिकारी द्वय ने मतगणना हॉल की संरचना, टेबल की संख्या एवं उनकी क्रमवार व्यवस्था, प्रत्याशियों एवं मतगणना एजेंटों के बैठने की व्यवस्था, बैरिकेडिंग, सुरक्षा घेरा आदि की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक मतगणना टेबल पर स्पष्ट संख्या अंकित की जाए तथा एजेंटों की पहचान एवं प्रवेश प्रक्रिया को सुव्यवस्थित रखा जाए।

निरीक्षण क्रम में डीईओ सह डीसी ने मतगणना केंद्र परिसर में पर्याप्त रोशनी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि परिसर के अंदर एवं बाहर सभी महत्वपूर्ण स्थानों यथा प्रवेश द्वार, निकासी मार्ग, पार्किंग स्थल, ड्रॉप गेट एवं कंट्रोल रूम पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था की जाए। साथ ही, स्पष्ट एवं बड़े अक्षरों में जगह-जगह साइनेज लगाए जाएं, ताकि मतगणना कर्मियों, सुरक्षा बलों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं अधिकृत व्यक्तियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो।

इस दौरान पार्किंग व्यवस्था की समीक्षा करते हुए विभिन्न श्रेणियों यथा पदाधिकारी, मतगणना कर्मी, प्रत्याशी एवं मीडिया के लिए अलग-अलग चिन्हित पार्किंग स्थल का जायजा लिया। उन्होंने चिन्हित स्थानों पर ड्रॉप गेट की व्यवस्था करने तथा अनावश्यक भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त सुरक्षा बलों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा।
मतगणना केंद्र में प्रवेश – निकासी के लिए अलग-अलग निर्धारित मार्ग का भी जायजा लिया गया, ताकि भीड़ प्रबंधन सुचारू रूप से हो सके और किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न नहीं हो। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण समन्वय एवं सतर्कता के साथ करें।

डीईओ सह डीसी व् डीडीसी ने प्रत्याशियों के समर्थकों, आमजनों के लिए आइटीआइ मोड़ के समीप चिन्हित पार्किंग स्थल का भी जायजा लिया। पार्किंग को लेकर संबंधित एजेंसी को पर्याप्त संख्या में साइनेज लगाने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान डीईओ सह डीसी ने तैयारियों पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि मतगणना प्रक्रिया पूर्णतः पारदर्शी, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराई जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासन मतगणना दिवस को लेकर पूरी तरह सजग है तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने हेतु समुचित व्यवस्था की गई है।

इस अवसर पर अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी, एसडीओ चास प्रांजल ढ़ांडा, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी मो. सफीक आलम, नोडल पदाधिकारी पंकज दूबे, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह एवं अन्य कर्मी उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *