रिसीविंग प्रक्रिया को पारदर्शी एवं सुरक्षित बनाने हेतु दिया गया विस्तृत प्रशिक्षण
एस. पी. सक्सेना/बोकारो। नगरपालिका आम निर्वाचन के तहत 21 फरवरी को मतदान सम्पन्न होने के बाद बैलेट बॉक्स एवं अन्य निर्वाचन सामग्रियों के सुरक्षित रिसीविंग/संग्रहण को लेकर संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण बोकारो के सेक्टर–2/सी स्थित डीएवी इस्पात विद्यालय सभागार में आयोजित किया गया, जिसमें रिसीविंग काउंटर पर प्रतिनियुक्त पर्यवेक्षकों, सहायकों एवं अन्य कर्मियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण सत्र में कुल 217 प्रशिक्षार्थियों ने भाग लिया।
मौके पर चास नगर निगम की निर्वाची पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी चास प्रांजल ढांडा, प्रशिक्षण कोषांग के वरीय पदाधिकारी प्रभाष दत्ता, चास नगर निगम एवं फुसरो नगर परिषद के सभी सहायक निर्वाची पदाधिकारी सहित अन्य पदाधिकारीगण उपस्थित थे।
बताया जाता है कि प्रशिक्षण सत्र में प्रशिक्षण कोषांग के वरीय पदाधिकारी प्रभाष दत्ता द्वारा मतदान दलों से सामग्री प्राप्त करने की संपूर्ण प्रक्रिया को विस्तार से समझाया गया। उन्होंने बताया कि मतदान समाप्ति के बाद प्रत्येक मतदान दल निर्धारित रिसीविंग सेंटर पहुंचेगा, जहां चरणबद्ध तरीके से बैलेट बॉक्स, प्रपत्र एवं अन्य सामग्रियों की जांच की जाएगी।
मौके पर उपस्थित प्रशिक्षकों ने स्पष्ट किया कि रिसीविंग के दौरान सील की स्थिति, टैग मिलान, प्रपत्रों का सत्यापन एवं अभिलेखों की प्रविष्टि अत्यंत सावधानीपूर्वक की जानी चाहिए।
किसी भी प्रकार की त्रुटि पाए जाने पर संबंधित सेक्टर पदाधिकारी को तत्काल सूचित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही स्ट्रॉन्ग रूम में बैलेट बॉक्स जमा कराने की प्रक्रिया, सीसीटीवी निगरानी तथा अभ्यर्थियों/एजेंटों की उपस्थिति में सीलिंग प्रक्रिया से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं पर जानकारी दी गई।

जानकारी के अनुसार प्रशिक्षण के दौरान मॉक ड्रिल भी कराई गई, ताकि कर्मियों को वास्तविक परिस्थितियों में कार्य निष्पादन का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हो सके।पदाधिकारियों ने निर्देश दिया कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी, निष्पक्ष एवं समयबद्ध तरीके से सम्पन्न की जाए। मौके पर निर्वाची पदाधिकारी चास नगर निगम सह अनुमंडल पदाधिकारी प्रांजल ढांडा ने निर्देश दिया कि सभी पदाधिकारी एवं कर्मी झारखंड राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करें तथा निर्वाचन कार्य में किसी भी प्रकार की चूक से बचें।
![]()













Leave a Reply