पुलिस का दावा अवैध शराब तस्करो के खिलाफ होली से पहले बड़ी कार्रवाई
एस. पी. सक्सेना/बोकारो। होली पर्व को लेकर अवैध शराब कारोबारियों पर नकेल कसते हुए बोकारो पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करने में सफलता पायी है।
बोकारो के पुलिस अधीक्षक (एसपी) हरविंदर सिंह ने 21 फरवरी को जिला के हद में कथारा ओपी परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि क्षेत्र में व्यापक पैमाने पर अवैध शराब के निर्माण एवं बिक्री की गुप्त सूचना प्राप्त हो रही थी। इसी आधार पर कथारा ओपी प्रभारी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया। एसपी ने बताया कि बीते 20 फरवरी की अहले सुबह असनापानी के समीप एक टाटा पिकअप वैन को रोककर जांच की गई। तलाशी के दौरान वाहन से भारी मात्रा में नकली विदेशी शराब बरामद की गई। एसपी के अनुसार जब्त शराब की अनुमानित कीमत लगभग चार लाख रुपये बताई जा रही है।
प्रेस वार्ता में एसपी सिंह ने बताया कि पुलिस ने वैन से नकली महंगी ब्रांड की शराब की बोतलें, फर्जी स्टिकर, बार कोड, स्प्रिट से भरे जार, बोतलों के कैप तथा शराब को सील करने की मशीन भी बरामद की है। इससे स्पष्ट होता है कि होली पर्व के अवसर पर संगठित तरीके से नकली शराब तैयार कर बाजार में खपाने की तैयारी थी।
एसपी हरविंदर सिंह ने कहा कि होली जैसे बड़े त्योहार के मद्देनजर यदि यह नकली शराब बाजार में पहुंच जाती और रहिवासी इसका सेवन करते, तो किसी बड़ी अनहोनी से इनकार नहीं किया जा सकता था। उन्होंने कहा कि पुलिस की सतर्कता से एक संभावित दुर्घटना टल गई है। पुलिस द्वारा वाहन को जब्त कर लिया गया है तथा इस अवैध कारोबार से जुड़े धंधेबाजो की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। बताया कि वैन का ड्राइवर अंधेरे का लाभ उठा कर भागने में सफल रहा।

एसपी ने कहा कि त्योहारों के दौरान अवैध शराब कारोबारियों के विरुद्ध सघन अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। दूसरी ओर बांध पंचायत की मुखिया मुरली देवी इस बरामदगी को उनके द्वारा चलाये जा रहे अवैध कारोबारियों के खिलाफ अभियान को मानती है। गोमिया प्रखंड के हद में बांध पंचायत की मुखिया मुरली देवी के पुत्र बबलू कुमार यादव ने बताया कि नशा मुक्त पहल को सफल बनाने को लेकर मुखिया द्वारा जिले के आलाधिकारीयों सहित राज्य के मुखिया आदि को बीते दिनों दिए गए पत्र पर यह कार्रवाई कथारा ओपी क्षेत्र अंतर्गत की गई है। इसके लिए बोकारो जिला प्रशासन तथा क्षेत्र वासियों को मुखिया के तरफ से साधुवाद है।
मुखिया पुत्र बबलू के अनुसार बीते 10 दिन पूर्व क्षेत्र में अवैध कारोबार यथा नशीले पदार्थ के विक्रय पर रोक लगाने के लिए राज्य सहित जिला के विभिन्न वरीय पदाधिकारी गण को पत्र दिया गया था, जिसके आलोक में यह बड़ी कार्रवाई की गई है। कहा कि सभी से अपील है कि आप नशा के अवैध कारोबार को बंद करने में अपना योगदान दें और क्षेत्र में नशा पदार्थ विक्रेता की सूचना लिखित स्थानीय थाना को दें, ताकि खासकर क्षेत्र के युवा पीढ़ी को बुरी लत से बचाया जा सके।
![]()













Leave a Reply