Advertisement

बोकारो में झारखंड प्रजापति (कुम्हार) महासंघ की जिलास्तरीय बैठक संपन्न

नई ऊर्जा के साथ जागरूकता व संगठन विस्तार का संकल्प

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। झारखंड प्रजापति (कुम्हार) महासंघ की बोकारो जिला कार्यसमिति की एक दिवसीय महत्वपूर्ण बैठक 20 फरवरी को समृद्धि विवाह मंडप जैनामोड़ में आयोजित किया गया। बैठक में संगठन को नई ऊर्जा के साथ पूरे प्रदेश में सशक्त बनाने, गांव-गांव तक जागरूकता अभियान चलाने तथा समाज के सर्वांगीण विकास के लिए ठोस रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

आयोजित बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रत्येक प्रखंड अध्यक्ष इसी माह अपने-अपने पंचायतों का विस्तृत लेखा-जोखा तैयार करेंगे। इसमें पंचायत स्तर पर कमियों की पहचान, समाज में जागरूकता लाने की योजना, सक्रियता में कमी रखने वाले सदस्यों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था, प्रत्येक प्रखंड में प्रजापति धर्मशाला निर्माण की रूपरेखा, गरीब बेटियों की शिक्षा एवं विवाह में सहयोग तथा निम्नवर्गीय परिवारों को आर्थिक सहायता जैसे विषयों पर कार्य योजना बनाई जाएगी।
बैठक के दौरान वक्ताओं ने कहा कि यदि समाज में ऐसे सकारात्मक विचार लगातार आते रहें, तो निश्चित ही निकट भविष्य में व्यापक बदलाव देखने को मिलेगा।

कहा गया कि महासंघ को मजबूत बनाने में समाज के प्रबुद्ध जनों ने दिन-रात परिश्रम किया है। उनके प्रयासों को निरर्थक नहीं होने दिया जाएगा। संगठन ने स्पष्ट किया कि समाजहित के बजाय स्वार्थ की राजनीति करने वालों को चिन्हित कर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। महत्वपूर्ण निर्णयों में माटी कला बोर्ड के पुनर्गठन हेतु राज्यपाल को ज्ञापन सौंपने की तैयारी तथा आवश्यकता पड़ने पर मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने की रणनीति भी शामिल है। साथ ही ग्राम समिति एवं महिला समिति के शीघ्र गठन, प्रखंडों को जिला स्तर से सहायता राशि उपलब्ध कराने तथा प्रखंड, जिला एवं प्रदेश स्तर पर बैंक खाता खोलने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में प्रदेश महामंत्री ईश्वर चंद्र प्रजापति, प्रदेश प्रवक्ता विक्रम महतो, बोकारो जिलाध्यक्ष शेखर प्रजापति तथा जिला महामंत्री जीवन जगन्नाथ सहित अन्य पदाधिकारी व सदस्यगण उपस्थित रहे। अंत में सभी सदस्यों ने कंधे से कंधा मिलाकर महासंघ के विचारों को आगे बढ़ाने और समाज को संगठित व सशक्त बनाने का संकल्प लिया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *