Advertisement

केंद्रीय विद्यालय बोकारो थर्मल में शिक्षक अभिभावक गोष्ठी का आयोजन

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। केंद्रीय विद्यालय बोकारो थर्मल में बीते 19 फरवरी को प्रातः 10 बजे कक्षा 9 व 11 के विद्यार्थियों और अभिभावकों के साथ सांस्कृतिक मंच स्थल में एक गोष्ठी का आयोजन किया गया।

जानकारी के अनुसार इस अवसर पर सर्वप्रथम बैठक की अध्यक्षता कर रहे विद्यालय के प्राचार्य डॉ बी आर डे ने कक्षा 9 व 11 के विद्यार्थियों एवं अभिभावको को नई शिक्षा नीति के तहत केन्द्रीय विद्यालय संगठन राँची संभाग से प्राप्त निर्देशों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि परीक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी विद्यार्थियों को दक्षता आधारित प्रश्नों (सीबीक्यू) का भलीभाँति अभ्यास करना चाहिए। उन्होंने कक्षा 9 व 11 की उत्तीर्णता और पदोन्नति नीति से अवगत कराया, जिसमें कक्षा 9 के आंतरिक मूल्यांकन का भारांक और कक्षा 11 में आवधिक परीक्षा के भारांक के विषय में बताया।

केंद्रीय विद्यालय राँची संभाग से प्राप्त परिणाम लक्ष्य से अवगत कराते हुए उन्होंने अपेक्षित परिश्रम की आशा व्यक्त की। कक्षा 11 में थ्योरी और प्रैक्टिकल के पृथक मूल्यांकन, आदर्श प्रश्न पत्रों के अभ्यास, ब्लू प्रिंट और अध्ययन सामग्री से अवगत कराते हुए विद्यार्थियों को अथक परिश्रम करने हेतु प्रेरित किया। तत्पश्चात् कक्षाध्यापकों और विषय शिक्षकों ने अपने-अपने विषय से संबंधित विचार व्यक्त किए।

गोष्ठी में कक्षाध्यापकों ने पूर्व आयोजित आवधिक परीक्षा परिणाम का विश्लेषण प्रस्तुत किया एवं अकादमिक सुधार हेतु लिए गए निर्णय को लिपिबद्ध किया। शिक्षक अभिभावक गोष्ठी में प्राचार्य डॉ डे द्वारा खुला मंच सभी के तहत बच्चों व अभिभावकों से उनके बहुमूल्य सुझाव/ विचार के लिए आमंत्रित किया गया। जिसके फलस्वरूप विद्यालय व विद्यार्थी कल्याण को दृष्टिगत रखते हुए बहुत से अभिभावकों ने विचार व्यक्त किए। तत्पश्चात् विद्यार्थियों ने भी अपने अनुभव व समस्याओं को सभी के साथ साझा किया। सौहार्दपूर्ण वातावरण में बैठक का सफल आयोजन किया गया।

अंत में प्राचार्य डॉ डे और शिक्षकों ने गोष्ठी में शामिल सभी अभिभावकों का आभार व्यक्त किया एवं उन्हें आश्वासन दिया कि संपूर्ण विद्यालय परिवार उनके बच्चों के समुचित व सर्वांगीण विकास हेतु दृढ़ संकल्पित है। गोष्ठी में केंद्रीय विद्यालय बोकारो थर्मल के सभी शिक्षक, अभिभावक और विद्यार्थीगण उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *