Advertisement

बोकारो में 12वीं के 4587 विद्यार्थियों ने दी फिजिक्स की परीक्षा

किसी को आसान लगे पेपर, तो किसी को न्यूमेरिकल ने उलझाया

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के क्रम में 20 फरवरी को बोकारो जिले के कुल 4587 छात्र-छात्राओं ने फिजिक्स (भौतिकी) विषय की परीक्षा दी। सभी 23 केंद्रों के लिए कुल पंजीकृत 4653 परीक्षार्थियों में से 66 अनुपस्थित रहे।

सीबीएसई के सिटी कोऑर्डिनेटर एवं डीपीएस बोकारो के प्राचार्य डॉ ए. एस. गंगवार ने बताया कि परीक्षा पूर्णयता शांतिपूर्ण व कदाचारमुक्त रही। पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था के बीच बच्चों ने परीक्षा दी। उन्होंने केन्द्रवार परीक्षार्थियों की उपस्थिति के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि सरस्वती विद्या मंदिर थर्ड सी में 273, डीएवी पब्लिक स्कूल सेक्टर चार में 593, चिन्मय विद्यालय सेक्टर पांच में 190, होली क्रॉस स्कूल बालीडीह में 175, पिट्स मॉडर्न गोमिया में 164, डीएवी पब्लिक स्कूल ढोरी में 50, जीजीपीएस सेक्टर पांच में 265, दिल्ली पब्लिक स्कूल सेक्टर चार में 201, आदर्श विद्या मंदिर दरकूनगर में 154, एमजीएम हायर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर चार में 689, डीएवी स्वांग में 186, बीआरएल डीएवी भंडारीदह में 160, श्रीअय्यप्पा पब्लिक स्कूल सेक्टर पांच में 594, पेंटिकॉस्टल एसेंबली स्कूल सेक्टर बारह में 214, क्रिसेंट पब्लिक स्कूल सेक्टर छह में 107, जीजीपीएस चास में 118, डीएवी पब्लिक स्कूल सेक्टर छह में 45, होलीक्रॉस स्कूल चंदनकियारी में 13, डीएवी पब्लिक स्कूल तेनुघाट में 84, डीपीएस चास में 37, केंद्रीय विद्यालय वन सेक्टर चार में 123, केंद्रीय विद्यालय सीटीपीएस चंद्रपुरा में 135 और केंद्रीय विद्यालय डीवीसी बोकारो थर्मल में 17 परीक्षार्थी शामिल हुए।

तीन साल बाद फिजिक्स के प्रश्न पत्र में छात्रों को मिली राहत

परीक्षा के बाद भौतिकी विज्ञान के विशेषज्ञों ने बताया कि विगत तीन वर्षों से जिस प्रकार के क्वेश्चन आ रहे थे और विद्यार्थियों में जो एक भय-सा था, उससे इस बार थोड़ी राहत मिली। यद्यपि बहु वैकल्पिक और केस स्टडी वाले सवाल थोड़े पेचिदे थे, परंतु कुल मिलाकर औसत विद्यार्थियों के लिए प्रश्न पत्र गत वर्षों की तुलना में बेहतर और आसान रहा। परीक्षा केन्द्र से बाहर निकले कुछ छात्रों ने जहां सवालों को आसान बताया, वहीं कुछ ने न्यूमेरिकल के सवाल उलझाने वाले बताए। एग्जाम सेंटर के बाहर परीक्षार्थियों के प्रवेश और निकास के समय भारी भीड़ भाड़ देखी गई। विद्यार्थी पूरे अनुशासन के साथ निर्धारित गाइडलाइन और सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए परीक्षा में शामिल हुए।

इधर, 10वीं में व्यावसायिक विषयों के 161 अभ्यर्थी हुए शामिल

बताया जाता है कि 20 फरवरी को बोकारो के केवल एक सेंटर पर सीबीएसई 10वीं बोर्ड के व्यावसायिक विषयों की परीक्षा आयोजित थी, जिसमें कुल 161 छात्र-छात्रा शामिल हुए। सिटी कोऑर्डिनेटर डॉ गंगवार के अनुसार चिन्मय विद्यालय स्थित सेंटर में मार्केटिंग सेल्स विषय के 49, मल्टी स्किल फाउंडेशन कोर्स के 48 और फिजिकल एक्टिविटी ट्रेनर विषयों के 64 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *