सूचना के अधिकार से मिली जानकारी, जमीन का नहीं हो सका निबंधन
प्रहरी संवाददाता/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में सोनपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव के एक रिटायर्ड रेलकर्मी का जाली हस्ताक्षर कर फर्जी जमीन केवाला करने का मामला उजागर हुआ है। इस मामले में पीड़ित गंगा प्रसाद सिंह ने अपनी पत्नी के साथ सारण डीएम से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में स्थानीय थाना में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए पीड़ित को कहा गया है। जिला पदाधिकारी को दिए आवेदन में पीड़ित रिटायर्ड रेलकर्मी सिंह ने कहा है कि जाली हस्ताक्षर कर उसके नाम से ही दूसरे व्यक्ति को जमीन केवाला किए जाने का तब रहस्योद्घाटन हुआ जब वह पिछले वर्ष 22 फरवरी को अपनी जमीन खाता संख्या 60 प्लॉट संख्या 288 पर गया। स्थानीय रहिवासियों ने उसे अपनी जमीन पर काम करने से यह कहते हुए रोक दिया कि यह जमीन स्वर्ण लता पति जयप्रकाश वर्मा का है। कागजात मांगने पर उसे उनका फर्जी दस्तखत किया गया दस्तावेज दिखाया। यह दस्तावेज वर्ष 2022 के 17 अक्टूबर का है, जिसका दस्तावेज संख्या 13204 तथा सीरियल नंबर 13525 अंकित है।
इस संबंध में उपरोक्त जमीन से संबंधित केवाला के बारे में सूचना के अधिकार के तहत सोनपुर अवर निबंधक कार्यालय से सूचना मांगी गई तो लिखित जवाब मिला कि संबंधित वर्ष 2022 में दस्तावेज संख्या 13204 तथा सीरियल नंबर 13525 जो अंकित है का अधोहस्ताक्षरी के कार्यालय में निबंधन ही नहीं हुआ है।
पीड़ित ने आरोप लगाया है कि उक्त डीड उनके ही नाम से तैयार कर उनकी जमीन को स्वर्णलता का बिक्री नामा किया हुआ है। उक्त डीड उनका जाली हस्ताक्षर कर बनाया गया है तथा निबंधित कराया गया है। सबसे खास बात यह है कि गवाह का नाम भी फर्जी अंकित है।
![]()













Leave a Reply